Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़टिहरी गढ़वाल न्यूज़पनेथ गांव के आपदा प्रभावितों...

पनेथ गांव के आपदा प्रभावितों को एक साल बाद भी नहीं मिला भूमि का पट्टा, ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

नई टिहरी, 31 अगस्त। थौलधार ब्लॉक की ग्राम पंचायत पलास के पनेथ गांव के आपदा प्रभावित ग्रामीणों ने भूमि का पट्टा और कब्जा नहीं मिलने पर गहरी नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष आई दैवीय आपदा के बाद प्रशासन की ओर से किए गए आश्वासन के बावजूद एक साल बीतने पर भी प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।

22 परिवार हुए थे आपदा से प्रभावित

थौलधार के पूर्व कनिष्ठ उप प्रमुख कुलदीप पंवार और ग्राम प्रधान गीता देवी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि गत वर्ष 22 अगस्त को गांव में आई दैवीय आपदा से भारी नुकसान हुआ था। इस आपदा से गांव के 22 परिवार प्रभावित हुए थे।

ग्रामीणों के अनुसार, उस समय जिला प्रशासन ने गांव के वाड़ियो नामे तोक में प्रभावित परिवारों को पट्टे की भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी भूमि का पट्टा और कब्जा उपलब्ध नहीं कराया गया है।

बिजली और पेयजल की व्यवस्था भी अधूरी

ग्रामीणों ने बताया कि प्रभावित परिवारों के लिए भूमि उपलब्ध कराने के साथ अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने के निर्देश भी दिए गए थे। लोक निर्माण विभाग चंबा को भूमि समतलीकरण का कार्य करने, ऊर्जा निगम को विद्युत लाइन उपलब्ध कराने और जल संस्थान को पेयजल लाइन बनाने के निर्देश दिए गए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि इन निर्देशों पर भी अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

इसके अलावा प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने और किराया देने का आश्वासन भी दिया गया था, लेकिन यह समस्या भी हल नहीं हुई।

भूमि और मकान के बिना परेशान प्रभावित परिवार

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को बताया कि प्रभावित परिवार भूमि और मकान से वंचित होने के कारण लगातार परेशानियों का सामना कर रहे हैं। एक वर्ष बीतने के बाद भी आश्वासनों पर कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपकर भूमि का पट्टा और कब्जा उपलब्ध कराने के साथ बिजली, पेयजल, किराया तथा सड़क से जुड़ी समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

Popular Articles