Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़टिहरी गढ़वाल न्यूज़ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी...

ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, 409 ग्राम चरस के साथ दो कथित तस्कर गिरफ्तार

नई टिहरी, 28 अगस्त। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत थाना मुनिकीरेती पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 409 ग्राम अवैध चरस और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया। तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को सीज कर दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ढालवाला के पास चेकिंग के दौरान कार्रवाई

एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि ड्रग्स फ्री उत्तराखंड अभियान के तहत गुरुवार शाम मुनिकीरेती पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने ढालवाला के पास चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान संदिग्ध स्कूटी पर सवार दो लोगों को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 409 ग्राम चरस और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को सीज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

घनसाली से चरस लाने की बात सामने आई

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे चरस घनसाली क्षेत्र से लेकर आए थे और इसकी तस्करी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सागर पुत्र गोपाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी राजू होटल, तपोवन, मुनिकीरेती और धर्म सिंह राणा, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम गंगी, थाना घनसाली के रूप में हुई है।

एसएसआई योगेश चंद्र पांडेय ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि सागर पूर्व में भी नशा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि बरामद चरस के स्रोत, तस्करी में शामिल अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य आरोपितों के खिलाफ भी नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में ढालवाला चौकी प्रभारी आशीष रावत, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, सुंदर तथा एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के निरीक्षक धर्मेंद्र रौतेला, कपिल यादव, विपुल और रविंद्र सिंह शामिल रहे।

Popular Articles