नई टिहरी, 16 अगस्त: नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने विशाल रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद बौराड़ी के गणेश चौक पर बेमियादी क्रमिक अनशन और धरना शुरू किया गया। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज निर्माण का विधिवत शासनादेश (जीओ) जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
मांग के समर्थन में नई टिहरी और बौराड़ी बाजार भी बंद रहे। आंदोलन के पहले दिन नागरिक मंच के 10 लोग क्रमिक अनशन पर बैठे।
ढोल-दमाऊ के साथ निकाली रैली
रविवार को मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल के नेतृत्व में लोगों ने बौराड़ी स्टेडियम से रैली शुरू की। ढोल-दमाऊ के साथ निकली रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गणेश चौक पहुंची।
आंदोलनकारियों ने सरकार पर मेडिकल कॉलेज के नाम पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के फिपल्टी में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर दिए गए बयान को स्वीकार नहीं किया। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य जीतराम भट्ट का सत्याग्रह भी गणेश चौक पर स्थानांतरित हो गया।
पहले दिन नागरिक मंच से सीपी डबराल, किशोरी लाल चमोली, डॉ. यूएस नेगी, कमल सिंह महर, जगजीत नेगी, कर्म सिंह तोपवाल, भगवान चंद रमोला, त्रिलोक रमोला, नरोत्तम जखमोला और भगवान देई तोपवाल क्रमिक अनशन पर बैठे।
मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर उठे सवाल
पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि लंबे समय बाद भी जिला मुख्यालय में मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
वरिष्ठ पत्रकार महीपाल नेगी ने कहा कि 2012 और 2023 में मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज की घोषणा की थी। घोषणा के बाद भूमि का चयन भी हो चुका था। उनके अनुसार, टीएचडीसी मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए धन देने को तैयार थी, लेकिन अचानक फिपल्टी में कॉलेज के लिए भूमि तलाशने का कोई औचित्य नहीं है।
इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, प्रदेश महामंत्री विजय गुनसोला, राकेश राणा, नरेंद्र रमोला, शांति प्रसाद भट्ट, कुलदीप पंवार और देवेंद्र नौडियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



