Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़टिहरी गढ़वाल न्यूज़मुनिकीरेती सड़क हादसा: डंपर और...

मुनिकीरेती सड़क हादसा: डंपर और कार की भीषण टक्कर में भाई-बहन की मौत, दो युवतियां गंभीर

नई टिहरी, 31 अगस्त। टिहरी जिले के मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मालागूंठी के पास सोमवार सुबह हुए मुनिकीरेती सड़क हादसा में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा डंपर और कार की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर के कारण हुआ। दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग वाहन के भीतर फंस गए।

गैस कटर से कार में फंसे लोगों को निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही ब्यासी चौकी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। मुख्य आरक्षी मोहन सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने गैस कटर समेत अन्य रेस्क्यू उपकरणों की मदद से कार में फंसे एक पुरुष और तीन महिलाओं को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से एम्स ऋषिकेश भेजा गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

ऋषिकेश से श्रीनगर जा रही थी कार

मुनिकीरेती थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सवा सात बजे कार संख्या यूके-12-एफ-5035 ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे डंपर संख्या यूके-08सीए-4949 से मालागूंठी के पास कार की आमने-सामने टक्कर हो गई।

उपचार के दौरान ऋषभ (22) और उनकी बहन रक्षा सेमवाल (24), दोनों निवासी डांग, श्रीनगर की मौत हो गई। वहीं, सुहानी (20), निवासी कीर्तिनगर और ईशानी (20), निवासी श्रीनगर का एम्स ऋषिकेश में गंभीर हालत में उपचार चल रहा है।

मृतक भाई-बहन के परिजनों को दी गई सूचना

बताया गया है कि मृतक भाई-बहन के पिता सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी हैं। रक्षा सेमवाल कीर्तिनगर स्थित अस्पताल में लैब टेक्निशियन के पद पर कार्यरत थीं, जबकि ऋषभ सिंचाई विभाग में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है और मृतकों तथा घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार अभी मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Popular Articles