नई टिहरी, 13 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नई टिहरी में प्रचार वाहन रवाना किया गया। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने अभियान के तहत आयोजित की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी साझा की।
देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाएगा अभियान
प्रचार वाहन को रवाना करते हुए डीएम नितिका खंडेलवाल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
डीएम ने बताया कि केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), देहरादून की ओर से नई टिहरी में फोटो प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘विभाजन की विभीषिका’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे विषयों के माध्यम से देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय ध्वज की यात्रा और राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
14 और 15 अगस्त को होंगे विशेष कार्यक्रम
सीबीसी देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी अनिल दत्त शर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 14 और 15 अगस्त को नई टिहरी में एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत संबंधित विषयों पर विशेष फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार, 14 अगस्त को सुबह तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही फोटो प्रदर्शनी देखने के लिए आने वाले विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन
कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन कैबिनेट एवं जिले के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी करेंगे। प्रदर्शनी के माध्यम से स्वतंत्रता, राष्ट्रध्वज और देशभक्ति से जुड़े विषयों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।



