नई टिहरी, 16 अगस्त: नगर पंचायत चमियाला में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्षेत्रवासियों और छात्र-छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण सौगात दी गई। नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह राणा ने अपने चुनावी वादे को पूरा करते हुए बालगंगा महाविद्यालय, सेंदुल में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए बस उपलब्ध कराई। अध्यक्ष गोविंद सिंह राणा और स्थानीय विधायक शक्ति लाल शाह ने बस का विधिवत लोकार्पण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने दोनों का आभार जताया।
विद्यार्थियों की आवागमन की परेशानी होगी कम
नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद सिंह राणा ने कहा कि क्षेत्र के विकास और युवाओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत लगातार प्रयास कर रही है। विद्यार्थियों के लिए बस की सुविधा उपलब्ध होने से उन्हें पढ़ाई के लिए आने-जाने में होने वाली परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के विकास के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का संकल्प भी लिया गया।
नामित सभासदों को दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के नामित सभासदों को भी शपथ दिलाई गई। सभासदों ने संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति निष्ठा रखते हुए नगर के विकास तथा जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
स्वतंत्रता दिवस का आयोजन उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत अधिकारियों, महाविद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनूप बिष्ट, बालगंगा महाविद्यालय के प्रबंधक प्रशांत जोशी, रामकुमार कठैत, ईओ मानवेंद्र रावत, बीडीसी अंजली चौहान, सूर्य प्रकाश रतूड़ी, विक्रम असवाल, कमल पंवार, हरीश राणा, सचिन पोखरियाल और बालगंगा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विपिन उनियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



