Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़नैनीताल न्यूज़नैनीताल में मेट्रोपोल वाहन पार्किंग...

नैनीताल में मेट्रोपोल वाहन पार्किंग का निर्माण जारी, 807 वाहनों की होगी पार्किंग

नैनीताल, 13 अगस्त। उत्तराखंड सरकार के पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष दिनेश आर्य ने गुरुवार को नैनीताल में शत्रु संपत्ति पर निर्माणाधीन मेट्रोपोल वाहन पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

42 करोड़ रुपये की लागत से बन रही पार्किंग

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पेयजल निर्माण निगम की ओर से करीब 42 करोड़ रुपये की लागत से मेट्रोपोल वाहन पार्किंग परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। प्रस्तावित पार्किंग में कुल 807 वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था होगी। इसमें 605 चारपहिया और 202 दोपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

परियोजना को 18 माह में पूरा किया जाना है। अब तक इसके निर्माण कार्य के दो माह पूरे हो चुके हैं। दिनेश आर्य ने निर्माण की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने को कहा।

सड़क चौड़ी होने से आवागमन होगा सुगम

परियोजना के तहत चीना बाबा चौराहे से मस्जिद चौराहे तक सड़क को 9 मीटर से बढ़ाकर 12 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। इससे क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होने और लोगों के आवागमन को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परियोजना से जुड़े निर्माण और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। उपाध्यक्ष ने निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

पार्किंग समस्या के समाधान में मिलेगी मदद

दिनेश आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रमुख पर्यटन स्थल नैनीताल में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मेट्रोपोल वाहन पार्किंग परियोजना शहर की पार्किंग समस्या के समाधान और सुनियोजित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, अरविंद पड़ियार, मनोज जोशी, अमिता साह, जीवंती भट्ट, मीरा बिष्ट, मोहित साह, भूपेंद्र बिष्ट, रोहित भाटिया सहित विभागीय अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Popular Articles