नैनीताल, 23 जुलाई। नैनीताल जनपद में कमजोर मोबाइल नेटवर्क और कॉल ड्रॉप जैसी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त सर्वे कर 15 दिनों के भीतर आवश्यक तकनीकी सुधार सुनिश्चित किए जाएं।
गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में बीएसएनएल, जियो, एयरटेल, इंडस टावर्स और वोडाफोन आइडिया के प्रतिनिधियों के साथ नेटवर्क सेवाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में मोबाइल कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने और नेटवर्क संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान पर जोर दिया गया।
ऑनलाइन सेवाएं हो रही हैं प्रभावित
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि कमजोर नेटवर्क के कारण विभिन्न सरकारी ऑनलाइन मॉनिटरिंग प्रणालियां, विभागीय पोर्टल और मोबाइल आधारित सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। ओटीपी समय पर नहीं मिलना, इंटरनेट की धीमी गति और कॉल ड्रॉप जैसी समस्याओं के कारण कई प्रशासनिक कार्यों में भी देरी हो रही है।
उन्होंने कहा कि नेटवर्क बाधित होने से विभिन्न योजनाओं की ऑनलाइन रिपोर्टिंग और मस्टर रोल की प्रविष्टि जैसे कार्य समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं।
पर्यटन मार्गों और ग्रामीण क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में हल्द्वानी-भीमताल मार्ग तथा हल्द्वानी-भुजियाघाट-नैनीताल मार्ग पर नेटवर्क की समस्या पर विशेष चर्चा हुई। संबंधित कंपनियों को निर्देश दिए गए कि जहां आवश्यकता हो वहां मोबाइल टावरों की क्षमता बढ़ाई जाए तथा नेटवर्क कवरेज में तकनीकी सुधार किए जाएं।
सीडीओ ने कोटाबाग, पंगोट, धारी, रामनगर के ढिकुली क्षेत्र और ओखलकांडा विकासखंड के नेटवर्क प्रभावित इलाकों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नैनीताल देश का प्रमुख पर्यटन जिला है, इसलिए प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर बेहतर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने सभी दूरसंचार कंपनियों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित समयसीमा में जनपद के सभी नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों में सेवाएं सुचारु करने के निर्देश दिए।

