नैनीताल, 27 अगस्त। नगर के निकटवर्ती ज्योलीकोट और आसपास के क्षेत्रों में दूषित पानी के कारण डायरिया और पीलिया जैसी बीमारियां फैलने की शिकायत सामने आई है। बीते छह-सात दिनों में करीब 60 से 65 लोगों के इन बीमारियों की चपेट में आने की बात कही गई है। वहीं, कई छोटे बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा है। मामले को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख हिमांशु पांडे के नेतृत्व में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर ज्योलीकोट दूषित पानी की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में दूषित पानी की वजह से उत्पन्न स्थिति को गंभीर बताते हुए प्रभावित लोगों को राहत उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र में दूषित पानी के कारण लोगों के बीमार होने की शिकायत सामने आई है। पिछले कुछ दिनों में बड़ी संख्या में लोगों के प्रभावित होने की बात कही गई है, जबकि कई छोटे बच्चों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा।
जल संस्थान और जल निगम को निर्देश
ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। अधिकारियों को क्षेत्र में दूषित पानी की समस्या को लेकर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से प्रभावित क्षेत्र में समस्या के तत्काल समाधान के साथ ही बीमार लोगों को राहत देने की मांग की। जिलाधिकारी की त्वरित कार्रवाई पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की जनता की ओर से उनका आभार जताया।
जनप्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे शामिल
ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस ज्योलिकोट-खुर्पाताल के ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह कोटलिया, ग्राम प्रधान नवल कुमार, उप प्रधान मनोज बरगली, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज चनियाल, सूरज पांडे, नितिन कुमार, प्रशांत कुमार और हरीश पांडेय सहित अन्य लोग शामिल रहे।



