Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

भीमताल में 16 होम स्टे का निरीक्षण, तीन पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना

नैनीताल, 18 अगस्त। नैनीताल जनपद में नियमों की अवहेलना करने वाले होम स्टे के खिलाफ पर्यटन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को भीमताल क्षेत्र में 16 होम स्टे इकाइयों का भौतिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान बिना पंजीकरण अथवा स्वीकृत क्षमता से अधिक कक्ष संचालित करने के मामले में तीन इकाइयों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

वहीं, सात होम स्टे संचालकों को नियमों का पालन करने के लिए तीन दिन का समय देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

तीन होम स्टे पर लगाया गया जुर्माना

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान पाई पैलेस, लेक माउंट और रोज मैरी होम स्टे के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। इन इकाइयों में नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आने पर प्रत्येक पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

पर्यटन विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य जिले में होम स्टे इकाइयों के संचालन में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।

सात इकाइयों को जारी हुआ नोटिस

निरीक्षण के दौरान सात होम स्टे इकाइयों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। इनमें सरोज कुमार दुरेजा, श्याम नारायण गुप्ता, हिमानी जोशी, ममता जोशी, अथर खान, अशुभन मोहता और विंटेज बरेका होम स्टे शामिल हैं।

इन संचालकों को नियमों का पालन करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। विभाग की ओर से निर्धारित अवधि में आवश्यक अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पांच होम स्टे नियमों के अनुरूप मिले

निरीक्षण के दौरान राघवेंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह घुघ्याल, तरुणेंदु शेखर, बुरांश होम स्टे और प्रेम दीप विला होम स्टे नियमों के अनुरूप पाए गए। वहीं, भीमताल इन होम स्टे बंद मिला।

पर्यटन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नैनीताल जिले में बिना पंजीकरण या नियमों के विपरीत संचालित होने वाली होम स्टे इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Popular Articles