हरिद्वार, 08 अगस्त। कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में धर्मनगरी हरिद्वार पूरी तरह शिवमय हो गई है। बैरागी कैंप से लेकर कांवड़ मार्ग तक भगवा रंग में रंगे हरिद्वार में देशभर से पहुंचे लाखों शिवभक्तों की भीड़ नजर आ रही है। हर तरफ ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष गूंज रहे हैं। कांवड़ियों की भारी भीड़ के बीच पार्किंग, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश, चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर श्रद्धालु संतुष्ट नजर आ रहे हैं।
बैरागी कैंप में पार्किंग व्यवस्था से कांवड़िए खुश
हरियाणा से हरिद्वार पहुंचे शिवभक्त राजेश ने बैरागी कैंप में पार्किंग व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने बताया कि कैंप में करीब पांच से छह हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। पार्किंग स्थल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ खाने-पीने, पेयजल और शौचालय की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
राजेश ने कहा कि इस बार पार्किंग को लेकर कांवड़ियों को काफी राहत मिली है। उन्होंने बेहतर व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
राजस्थान और पंजाब के श्रद्धालुओं ने भी की तारीफ
राजस्थान से डाक कांवड़ लेने पहुंचे इंद्रेश कुमार बंसल ने कहा कि इस बार कांवड़ियों के लिए व्यवस्थाओं में काफी सुधार दिखाई दे रहा है। जिला प्रशासन और पुलिस ने पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित तरीके से संभाला है।
पंजाब के संगरूर से आए सुरेंद्रलाल ने भी व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने बताया कि पार्किंग क्षेत्रों में प्रकाश और पेयजल की व्यवस्था है। जगह-जगह चिकित्सा शिविर लगाए गए हैं और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
शौचालय, पानी और सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर
हरियाणा के पलवल से आए हरेंद्र ने कहा कि इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्थाएं पहले की तुलना में बेहतर हैं। शौचालयों की साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था संतोषजनक है। उन्होंने बेहतर इंतजाम के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कांवड़ियों के अनुसार यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता से उन्हें काफी राहत मिल रही है। प्रमुख स्थानों पर प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी के कारण सुरक्षा को लेकर भी श्रद्धालुओं में भरोसा नजर आ रहा है।
अंतिम चरण में बढ़ी कांवड़ियों की भीड़
कांवड़ यात्रा अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और हरिद्वार में शिवभक्तों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। बैरागी कैंप, कांवड़ मार्ग और गंगा घाटों के आसपास हर तरफ कांवड़िए नजर आ रहे हैं।
भगवा रंग में रंगी धर्मनगरी में आस्था और भक्ति का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं का कहना है कि बेहतर प्रबंधन, सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों ने उनकी कांवड़ यात्रा को सुगम और यादगार बनाया है। कांवड़ियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, जिला प्रशासन और पुलिस का व्यवस्थाओं के लिए आभार जताया।



