Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeहरिद्वार न्यूज़कांवड़ यात्रा 2026हरिद्वार कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों...

हरिद्वार कांवड़ यात्रा में शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया चरण प्रक्षालन और भोजन परोसकर किया सम्मान

हरिद्वार, 4 अगस्त। हरिद्वार कांवड़ यात्रा में आस्था, सेवा और सम्मान का अनूठा संगम, शिवभक्तों पर हुई पुष्पवर्षा। धर्मनगरी हरिद्वार में आयोजित कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार को आस्था, सेवा और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं का भव्य स्वरूप देखने को मिला। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड सरकार ने देशभर से पहुंचे लाखों शिवभक्त कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत और सम्मान किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के सम्मान के साथ कांवड़ यात्रा के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल संचालन के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे व्यापक प्रबंधों का भी प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान हरकी पैड़ी से लेकर प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्ग तक हेलीकॉप्टर से शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की गई। फूलों की वर्षा से पूरा वातावरण “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने इस स्वागत को देवभूमि उत्तराखण्ड की परंपरा और आतिथ्य का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने शिवभक्तों का चरण प्रक्षालन कर किया सम्मान

अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पांच शिवभक्त कांवड़ियों का विधिवत चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर स्वयं अपने हाथों से भोजन परोसा और उनसे संवाद भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार का संकल्प है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का विराट उत्सव है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया चरण प्रक्षालन

मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन, चिकित्सा सुविधाओं का लिया जायजा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रियों के लिए स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का उद्घाटन भी किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार, आवश्यक दवाइयों और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की।

हरिद्वार कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को चिकित्सा सुविधा के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े और सभी व्यवस्थाएं पूरी तत्परता से संचालित होती रहें।

एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर पहुंचे अपने गंतव्य की ओर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर सुरक्षित रूप से अपने-अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से उन्हें कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के बीच पहुंचकर उनकी सेवा करने का अवसर मिल रहा है, जिसे वे अपना सौभाग्य मानते हैं।

उन्होंने कहा कि भगवान शिव करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास और ऊर्जा के केंद्र हैं। कठिन परिस्थितियों और लंबी यात्रा के बावजूद शिवभक्त पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ कांवड़ यात्रा संपन्न करते हैं। यह यात्रा सेवा, समर्पण, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश देती है।

सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर सरकार का विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण एवं विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, श्रीराम जन्मभूमि, केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण तथा बद्रीनाथ मास्टर प्लान जैसी परियोजनाओं ने भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

उन्होंने वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम का भव्य पुनर्निर्माण किया गया। वहां आस्था पथ, सरस्वती घाट, आदि शंकराचार्य की प्रतिमा और तीर्थ पुरोहित आवास सहित अनेक आधुनिक सुविधाओं का विकास किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार में प्रस्तावित गंगा कॉरिडोर तथा शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं धार्मिक पर्यटन और राज्य के समग्र विकास को नई गति प्रदान करेंगी।

हरिद्वार कांवड़ यात्रा में सेवा और सम्मान का अनूठा संगम

कांवड़ यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कांवड़ यात्रा में कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस सेवाएं, स्वास्थ्य शिविर तथा आपातकालीन सहायता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया गया है।

उन्होंने शिवभक्तों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान अनुशासन, मर्यादा और धार्मिक परंपराओं का पालन करें, जिससे यह विशाल आयोजन सुरक्षित और सफल बना रहे।

Also Read: हरिद्वार कांवड़ मेला 2026: राज्यपाल गुरमीत सिंह ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, एआई तकनीक के प्रभावी उपयोग पर दिया जोर

पुलिस, प्रशासन और स्वच्छता कर्मियों के योगदान की सराहना

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में जुटे पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पर्यावरण मित्रों, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अन्य सेवा कार्यों में लगे कर्मयोगियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने में इन सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन सभी कर्मयोगियों के प्रति राज्य की कृतज्ञता का प्रतीक है, जो दिन-रात सेवा भावना के साथ व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे हैं।

हरिद्वार कांवड़ यात्रा में आस्था, सेवा और सम्मान का अनूठा संगम

अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में महामण्डलेश्वर ललितानंद गिरी महाराज, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक आदेश चौहान, हरिद्वार की महापौर किरण जैसल, रुड़की की महापौर अनिता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में देशभर से आए शिवभक्त कांवड़िये उपस्थित रहे।

Popular Articles