हरिद्वार, 29 जुलाई। उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ मेले की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मेला कंट्रोल रूम में स्थापित अत्याधुनिक सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों से मेले की तैयारियों एवं संचालन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की ली जानकारी
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर से कांवड़ मेले की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, स्वच्छता अभियान तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं तथा आवश्यकता के अनुसार संसाधनों और मानवबल की समय पर तैनाती की जाए।
पिछले अनुभवों से सीख लेकर बेहतर हों व्यवस्थाएं
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष के कांवड़ मेले के अनुभवों का विश्लेषण करते हुए इस बार व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी बल दिया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन, पुलिस और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर तालमेल से मेले का संचालन अधिक सुचारु और सुरक्षित बनाया जा सकता है।
स्वच्छता पर विशेष जोर, मशीनयुक्त सफाई व्यवस्था की समीक्षा
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने पूरे मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मशीनयुक्त सफाई व्यवस्था के संचालन की जानकारी लेते हुए कहा कि नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यकर वातावरण उपलब्ध हो सके।
उन्होंने मेले में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के संबंध में समुचित ब्रीफिंग देने के भी निर्देश दिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई की जा सके।
एआई आधारित निगरानी प्रणाली अपनाने पर दिया बल
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कांवड़ मेले के सफल संचालन के लिए उपलब्ध आधारभूत संरचना का अधिकतम उपयोग करने और आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीकों का उपयोग निगरानी, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बना सकता है। उन्होंने अधिकारियों से एआई आधारित व्यवस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से लागू करने की दिशा में कार्य करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राज्यपाल को कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही सतत निगरानी, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली तथा विभिन्न विभागों के बीच स्थापित समन्वय की विस्तृत जानकारी भी दी।
हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा की आरती में हुए शामिल
निरीक्षण के बाद राज्यपाल गुरमीत सिंह हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती में सहभागिता की। इस अवसर पर गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम, महामंत्री तन्मय वसिष्ठ तथा तीर्थ पुरोहित उपस्थित रहे।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने मां गंगा से कांवड़ यात्रा के सकुशल, सुरक्षित और सफल संचालन के साथ प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक संचार विपिन कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर कुंभमेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, उप जिलाधिकारी योगेश कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी, क्षेत्राधिकारी यातायात बीपेंदर कुमार सहित मेला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



