नई टिहरी, 27 अगस्त
रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट रहित सामान उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने नरेंद्रनगर ब्लॉक के ढालवाला क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के 9 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
पनीर, तेल, मिठाई और नमकीन के नमूने लिए
सहायक आयुक्त प्रमोद रावत ने बताया कि वीरवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ढालवाला क्षेत्र की विभिन्न दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट, ढाबों और डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान पनीर और खाद्य तेल का एक-एक नमूना लिया गया।
इसके अलावा मिठाई के 4 तथा नमकीन-चिप्स के 3 नमूने भी जांच के लिए लिए गए। सभी 9 नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मानकों की स्थिति स्पष्ट होगी।
खाद्य निर्माण इकाइयों का भी सघन निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ढालवाला क्षेत्र में खाद्य निर्माण इकाइयों का भी सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां अनियमितताएं पाई गईं, वहां संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किया गया।
सहायक आयुक्त प्रमोद रावत ने कहा कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानकयुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों तथा निर्माण इकाइयों की लगातार निगरानी की जा रही है।
मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने संबंधित अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान और कानूनगो राय सिंह भी मौजूद रहे।



