नैनीताल, 17 अगस्त। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में 5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी के मेनू शिविर-2026 का सोमवार को शुभारंभ हुआ। कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने शिविर का उद्घाटन किया और नैनी झील में आयोजित सेलिंग अभियान को हरी झंडी दिखाई। भारी बारिश के बीच भी 60 एनसीसी कैडेटों ने पहले दिन करीब 32 किलोमीटर का नौकायन अभियान पूरा किया।
60 कैडेट ले रहे शिविर में हिस्सा
5 यूके नेवल यूनिट एनसीसी के कमांडिंग अधिकारी कैप्टन मृदुल शाह ने शिविर की रूपरेखा और प्रशिक्षण गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविर में 35 वरिष्ठ डिवीजन और 25 वरिष्ठ विंग समेत कुल 60 कैडेट भाग ले रहे हैं।
कुलपति प्रो. रावत ने कहा कि एनसीसी शिविर युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। ऐसे आयोजन कैडेटों को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता मजबूत करने में भी मदद करते हैं।
नौसेना प्रशिक्षण और साहसिक गतिविधियों पर जोर
कुलपति ने विश्वविद्यालय के कैडेटों की गणतंत्र दिवस शिविर, नौसेना प्रशिक्षण, साइबर सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में उपलब्धियों की सराहना की। उद्घाटन के बाद उन्होंने कैडेटों द्वारा बनाए गए जहाजों के मॉडल और सीमैनशिप गतिविधियों का निरीक्षण भी किया।
शिविर के दौरान कैडेटों को सेलिंग, सीमैनशिप, फायरिंग, तैराकी, जल सुरक्षा, जीवन रक्षक प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन और प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही साहसिक गतिविधियों और जहाज मॉडल निर्माण की जानकारी भी दी जाएगी।
नैनी झील संरक्षण और स्वच्छता पर भी फोकस
एनसीसी मेनू शिविर-2026 के दौरान नैनी झील संरक्षण, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेटों को पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी गतिविधियों में भी शामिल किया जाएगा।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट प्रो. रितेश साह, प्रशासनिक अधिकारी भगवत बिष्ट, मुख्य प्रशिक्षक अरविंद, पीआई स्टाफ, प्रशिक्षक और कैडेट उपस्थित रहे।



