नैनीताल, 10 अगस्त। नैनीताल जिले के भीमताल विकासखंड के ओखलकांडा क्षेत्र में सोमवार दोपहर कृषि विभाग की सामग्री लेकर जा रहा एक मालवाहक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में वाहन चालक 25 वर्षीय कमल जोशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सहायक कृषि अधिकारी समेत तीन लोग घायल हो गए।
ओखलकांडा में मालवाहक वाहन दुर्घटनाग्रस्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। कृषि एवं सिंचाई सामग्री लेकर हल्द्वानी से मल्ला ओखलकांडा जा रहा मालवाहक वाहन संख्या यूके04सीबी-1819 अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में वाहन चालक कमल जोशी, निवासी धानाचूली, की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। प्रशासन और पुलिस टीम के साथ स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
तीन लोग घायल, दो को हल्द्वानी भेजा
दुर्घटना में सहायक कृषि अधिकारी 59 वर्षीय दीवान सिंह मेहता, 24 वर्षीय रोहित कुमार और 27 वर्षीय पंकज बिष्ट घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ओखलकांडा पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद दीवान सिंह मेहता और पंकज बिष्ट को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भेजा गया।
मंत्री ने दिए बेहतर उपचार के निर्देश
ओखलकांडा के समाजसेवी प्रकाश नैनवाल ने बताया कि दीवान सिंह मेहता और पंकज बिष्ट को हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के लिए संदर्भित किया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर प्रदेश के काबीना मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा भी मौके के लिए रवाना हुए। उन्होंने जिला प्रशासन को मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।



