Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़उत्तरकाशी न्यूज़नौगांव के सौली में भू-धंसाव...

नौगांव के सौली में भू-धंसाव से पांच मकानों पर खतरा, तीन भवनों में आईं दरारें

उत्तरकाशी, 08 अगस्त। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे नौगांव नगर पंचायत क्षेत्र में भू-धंसाव ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। नगर क्षेत्र के सौली वार्ड में वन विभाग के बैरियर के पास शुक्रवार रात भू-धंसाव होने से पांच आवासीय भवन खतरे की जद में आ गए। इनमें तीन मकानों में दरारें आने की सूचना है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित भवनों को खाली कराने के निर्देश दिए हैं।

भू-धंसाव से तीन मकानों में आई दरारें

सौली वार्ड के सभासद सुनील कोहली के अनुसार, वन विभाग के बैरियर के समीप भू-धंसाव के कारण स्थानीय निवासी पीतांबर दत्त बड़ोनी, रामलाल और श्यामलाल के मकानों में दरारें आई हैं। इसके अलावा उपेंद्र और विद्या लाल का भवन भी खतरे की स्थिति में बताया जा रहा है।

भू-धंसाव की सूचना प्रशासन को दी गई, जिसके बाद शनिवार को तहसीलदार बड़कोट रेनू सैनी मौके पर पहुंचीं और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया।

प्रशासन ने भवन खाली कराने के दिए निर्देश

तहसीलदार ने सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित लोगों को तत्काल अपने आवासीय भवन खाली करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व निरीक्षक और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र की स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं।

प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्र में भू-धंसाव की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

भू-वैज्ञानिक करेंगे प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण

तहसीलदार रेनू सैनी ने बताया कि भू-धंसाव के कारणों का पता लगाने के लिए जल्द भू-वैज्ञानिकों से क्षेत्र का निरीक्षण कराया जाएगा। भू-वैज्ञानिक जांच और भू-सर्वेक्षण की रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नौगांव क्षेत्र पिछले करीब एक साल से आपदा और भूस्खलन जैसी परिस्थितियों से जूझ रहा है। ऐसे में सौली क्षेत्र में नए सिरे से सामने आए भू-धंसाव ने प्रभावित परिवारों की चिंता बढ़ा दी है।

प्रशासन ने लोगों से प्रभावित भवनों में न रहने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Popular Articles