Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeहरिद्वार न्यूज़कांवड़ यात्रा 2026कांवड़ मेला 2026: अफवाह फैलाने...

कांवड़ मेला 2026: अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, एडीजी ने पुलिस को दिए सतर्कता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के निर्देश

देहरादून, 27 जुलाई। उत्तराखंड में 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेला 2026 की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने सोमवार को ऋषिकेश में देहरादून, टिहरी और पौड़ी जनपदों में मेले की ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की ब्रीफिंग करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने अफवाह फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि कांवड़ मेला उत्तराखंड का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है, जिसमें लाखों शिवभक्त विभिन्न राज्यों से पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस की भूमिका केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना भी महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी क्षेत्रों की संवेदनशीलता और भौगोलिक परिस्थितियों की पूरी जानकारी रखने तथा पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी निगरानी

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, दुष्प्रचार या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और त्वरित प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए।

श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार के निर्देश

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा गया कि उनका व्यवहार मेले की व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। सभी पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ संयमित, शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार करें तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें मार्गदर्शन और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएं, जिससे यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर

अपर पुलिस महानिदेशक ने यातायात एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए। पार्किंग स्थलों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े और यातायात सुचारु बना रहे।

सत्यापन अभियान होगा प्रभावी

उन्होंने कांवड़ मार्ग पर लगने वाली अस्थायी दुकानों और बाहरी राज्यों से व्यापार के लिए आने वाले लोगों का अनिवार्य सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सत्यापन अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया।

अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान

अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि सभी विभागों और पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित निर्णय और सतर्कता के साथ कार्य करने से ही कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सकेगा।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, पुलिस उपमहानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून परमेंद्र सिंह डोबाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Popular Articles