हरिद्वार, 23 जुलाई। आगामी कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में जून माह की अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। सैनिक सम्मेलन के बाद हुई बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक में जून माह के अपराधों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की प्रगति और रिकवरी दर का मूल्यांकन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अपराध संबंधी आंकड़ों का विश्लेषण करते हुए कुछ थाना प्रभारियों के प्रदर्शन पर नाराजगी जताई और उन्हें कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए।
नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों पर रहेगी विशेष नजर
एसएसपी नवनीत सिंह ने अधिकारियों को नशा तस्करी, वाहन चोरी, हुड़दंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर सतत निगरानी रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने को भी कहा।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया विस्तृत जायजा
बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई। एसएसपी ने थाना प्रभारियों से यात्रा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव मांगे तथा मेला क्षेत्र में टेंट, बैरिकेडिंग, सुरक्षा उपकरणों और अन्य आवश्यक संसाधनों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा अन्य जनपदों से आने वाली पुलिस फोर्स तथा केंद्रीय सुरक्षा बलों के ठहराव, तैनाती, यातायात प्रबंधन और समन्वय व्यवस्था पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
समन्वय और सतर्कता से सफल होगी यात्रा
एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल हरिद्वार ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड पुलिस के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने सभी अधिकारियों से बेहतर समन्वय, सतर्कता और टीम भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया, ताकि लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।


