न्यूयॉर्क, 10 अगस्त। न्यूयॉर्क हार्बर में शनिवार रात एक 22 फुट लंबी स्पीडबोट के पलट जाने से 27 वर्षीय महिला और उसकी पांच महीने की बच्ची की मौत हो गई। अमेरिकी तटरक्षक बल ने रविवार को हादसे की जानकारी दी। नौका में सवार 12 अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे की जांच के साथ-साथ नौका संचालक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
लिबर्टी द्वीप के पास पलटी नाव
अमेरिकी तटरक्षक बल के अनुसार, बेलाइनर स्पीडबोट स्थानीय समयानुसार शनिवार रात करीब 10:25 बजे लिबर्टी द्वीप के पास पलट गई। इसी द्वीप पर विश्व प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी स्थित है।
नौका के पलटने के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया। तटरक्षक बल ने बताया कि हादसे के बाद नौका में सवार 12 लोगों को बचा लिया गया। इसके बाद गोताखोरों ने 27 वर्षीय महिला और उसकी पांच महीने की बच्ची को खोज निकाला।
दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में बचाए गए अन्य लोगों की हालत स्थिर बताई गई है।

नौका संचालक के खिलाफ 13 आरोप
इस हादसे के बाद पुलिस ने नौका संचालक मैनुअल हर्नांडेज के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 46 वर्षीय हर्नांडेज पर लापरवाही से लोगों की जान खतरे में डालने के 13 आरोप लगाए गए हैं।
अमेरिकी तटरक्षक बल ने बताया कि अधिकारियों की ओर से हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस नौका का इस्तेमाल अवैध रूप से किया जा रहा था।

तटरक्षक बल ने जताया दुख
तटरक्षक बल के न्यूयॉर्क सेक्टर की कमांडर कैप्टन डोरेन मैकार्थी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना में हुई जनहानि से तटरक्षक बल बेहद दुखी है और इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवार तथा उनके प्रियजनों के साथ हैं।
अधिकारी हादसे के कारणों और नौका के इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जांच कर रहे हैं।



