उत्तरकाशी, 14 अगस्त। मोरी के फिताड़ी गांव में शुक्रवार दोपहर भालू के हमले में एक 22 वर्षीय युवक घायल हो गया। युवक अपने बगीचे में गया था, जहां घात लगाए बैठे भालू ने अचानक उस पर हमला कर दिया। युवक के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे भालू से बचाया। घायल युवक को उपचार के लिए मोरी लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बगीचे में अचानक युवक पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, गोविंद वन्य जीव विहार पार्क क्षेत्र के फिताड़ी गांव निवासी अनिरुद्ध राणा, पुत्र सिलदार सिंह, शुक्रवार को अपने बगीचे में गए थे। बताया गया कि बगीचा बौसनी नामे तोक में स्थित है। इसी दौरान वहां घात लगाए बैठे भालू ने अनिरुद्ध राणा पर अचानक हमला कर दिया।
हमले में युवक बुरी तरह घायल हो गया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रयास कर युवक को भालू के हमले से बचाया और उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की तैयारी की।
सड़क बंद होने से डंडी-कंडी के सहारे पहुंचाया
घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में ग्रामीणों को सड़क बंद होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार, यदि 108 एंबुलेंस या निजी वाहन से उसे अस्पताल ले जाना संभव होता, तो उसे तत्काल सड़क मार्ग से ले जाया जाता। लेकिन जखोल-फिताड़ी मोटर मार्ग बंद होने के कारण ऐसा नहीं हो सका।
इसके बाद ग्रामीणों ने डंडी-कंडी का सहारा लिया और घायल युवक को पैदल डंडी के माध्यम से जखोल तक पहुंचाया। जखोल पहुंचने के बाद वाहन की मदद से युवक को मोरी लाया गया। यहां उसका उपचार चल रहा है।
सीएचसी मोरी में उपचार जारी
सुपिन रेंज के रेंजर गौरव अग्रवाल ने बताया कि फिताड़ी गांव में एक युवक भालू के हमले से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मोरी भेजा गया है। उन्होंने बताया कि युवक को उपचार के लिए प्राथमिक सहायता दी जा रही है।



