पौड़ी गढ़वाल, 20 अगस्त। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर में केवल प्रपत्रों की संख्या बढ़ाना लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक प्रपत्र की जांच, सत्यापन और निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए।
एसआईआर प्रपत्रों की जांच और सत्यापन पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसआईआर प्रपत्रों के निस्तारण का रैंडम चेक किया। इस दौरान कुछ नो-मैपिंग वाले प्रपत्रों में बीएलओ और एईआरओ की रिपोर्ट संलग्न नहीं मिली। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के साथ सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक एसआईआर फॉर्म निर्धारित प्रारूप में भरा जाए और हर स्तर पर प्रपत्रों की जांच करते हुए उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रक्रिया में किसी तरह की कमी न रहने देने पर विशेष जोर दिया।
यमकेश्वर और श्रीनगर के अधिकारियों से की वार्ता
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने यमकेश्वर और श्रीनगर विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) से फोन पर बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को एसआईआर प्रपत्र निर्धारित प्रारूप और आवश्यक रिपोर्ट के साथ भेजने के निर्देश दिए।
उन्होंने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ से नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य करने और आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा।
चौबट्टाखाल और कोटद्वार के कार्यों की सराहना
चौबट्टाखाल और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की जिलाधिकारी ने सराहना की। उन्होंने अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य जारी रखने को कहा। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई की प्रक्रिया निर्धारित रूप से आगे बढ़ रही है और शेष प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एडीएम एफआर चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



