Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़पौड़ी गढ़वाल न्यूज़नागदेव–सर्किट हाउस मार्ग पर पेड़...

नागदेव–सर्किट हाउस मार्ग पर पेड़ कटान का विरोध तेज, जांच पूरी होने तक रोक की मांग

पौड़ी गढ़वाल, 18 अगस्त। नागदेव–सर्किट हाउस मार्ग पर प्रस्तावित पेड़ कटान को लेकर विरोध तेज हो गया है। सोमवार को उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रभागीय वन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पेड़ों के चिन्हीकरण और कटान की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पेड़ कटान में निर्धारित मानकों और आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया जा रहा है।

पेड़ कटान की निष्पक्ष जांच की मांग

ज्ञापन के माध्यम से लोगों ने मांग की कि पेड़ कटान की प्रक्रिया पर निष्पक्ष जांच पूरी होने तक तत्काल रोक लगाई जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़े पैमाने पर पेड़ों के कटान से क्षेत्र के पर्यावरणीय संतुलन, जलस्रोतों, वन्यजीवों और स्थानीय पारिस्थितिकी पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।

उन्होंने सवाल उठाया कि पेड़ों का चिन्हीकरण किन वैज्ञानिक और तकनीकी मानकों के आधार पर किया गया है। साथ ही यह भी पूछा कि इस प्रक्रिया में स्थानीय नागरिकों, वन पंचायतों और सामाजिक संगठनों से राय क्यों नहीं ली गई।

पर्यावरणीय प्रभाव की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग

स्थानीय लोगों ने वन विभाग से पेड़ों के चिन्हीकरण की प्रक्रिया और प्रस्तावित कटान के पर्यावरणीय प्रभाव से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। इसके अलावा लकड़ी की नीलामी या निस्तारण तथा कटान के बाद पर्यावरणीय नुकसान की भरपाई के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना भी सार्वजनिक करने को कहा गया।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

स्थानीय लोगों ने कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन विकास की आड़ में पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पेड़ कटान पर तत्काल रोक लगाकर मामले की जांच नहीं कराई गई तो स्थानीय जनता आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगी।

ज्ञापन देने वालों में सामाजिक कार्यकर्ता मोहित सिंह, अशोक नैथानी, अंकित नौटियाल, शंकर बिष्ट, कनिष्क, शुभम, ऋषभ समेत अन्य लोग शामिल रहे।

Popular Articles