Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़चम्पावत न्यूज़चंपावत में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन...

चंपावत में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण, आपातकाल में मरीजों को स्थानीय स्तर पर मिलेंगे रक्त घटक

चंपावत, 20 अगस्त। जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का गुरुवार को लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में पहली बार यह सुविधा उपलब्ध हुई है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर समय पर उपलब्ध हो सकेंगे।

चंपावत में पहली बार मिली ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन सुविधा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत उनके लिए केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि है। ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की स्थापना जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे गंभीर और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक रक्त घटक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे पहले कुमाऊं मंडल के जिला चिकित्सालयों में यह सुविधा रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में उपलब्ध थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। इसके अलावा सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस यूनिट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर

धामी ने बताया कि जिला चिकित्सालय में करीब 11.71 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग, डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर के निर्माण का कार्य जारी है। उनका कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ जिले में सड़क, पार्किंग, पेयजल और ड्रेनेज जैसी आधारभूत सुविधाओं को भी मजबूत किया जा रहा है।

चंपावत रोडवेज स्टेशन पर 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण प्रस्तावित है। वहीं, 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक सिटी ड्रेनेज सिस्टम तथा 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन को बढ़ावा देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी परियोजनाएं चंपावत के विकास को नई दिशा देंगी। सरकार जिले को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उत्तराखंड का आदर्श मॉडल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और जन-केंद्रित बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय चंपावत में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट शुरू होने से गंभीर और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगे। इससे समय पर उपचार उपलब्ध कराने के साथ अन्य जिलों के अस्पतालों पर निर्भरता भी कम होगी।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पाण्डेय, दायित्वधारी सुभाष बगौली, चंपावत विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चन्द्र तिवारी, भाजपा नेता सतीश पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। वर्चुअल माध्यम से जिला पंचायत अध्यक्ष चंपावत आनन्द सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, नगर पालिका परिषद चंपावत की अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय समेत अन्य लोग भी जुड़े।

Popular Articles