नई दिल्ली, 13 अगस्त। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर तिरंगा अभियान को लेकर देशभर में उत्साह दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी गुरुवार को इस अभियान में शामिल हुए। उन्होंने अपने आवास पर लहराते राष्ट्रीय ध्वज के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा की और तस्वीर के साथ ‘हर घर तिरंगा’ लिखा।
एस. जयशंकर ने साझा की तिरंगे के साथ तस्वीर
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने आवास पर फहराए गए राष्ट्रीय ध्वज के साथ तस्वीर साझा कर हर घर तिरंगा अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। विदेश मंत्रालय ने भी उनकी पोस्ट को रीशेयर करते हुए लिखा, “हर दिल में तिरंगा, हर घर में तिरंगा।”
स्वतंत्रता दिवस से पहले इस अभियान के तहत देशभर से लोग जुड़ रहे हैं और अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए आगे आ रहे हैं।
नागरिकों को तिरंगे से व्यक्तिगत जुड़ाव से जोड़ना है उद्देश्य
‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत की गई थी। इसका उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज लगाने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित करना है।
अभियान के पीछे यह सोच थी कि अब तक आम लोगों का राष्ट्रीय ध्वज से संबंध अधिकतर औपचारिक और संस्थागत रहा है। इसे व्यक्तिगत गर्व और सम्मान की अभिव्यक्ति बनाने के लिए लोगों को घर-घर तिरंगा लाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस पहल के माध्यम से तिरंगे को देश के साथ व्यक्तिगत जुड़ाव का प्रतीक बनाने के साथ राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के प्रति सामूहिक संकल्प को भी दर्शाने का उद्देश्य रखा गया।
‘हर घर तिरंगा 2026’ को समर्पित की गई विशेष भावना
इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा 2026’ को ‘वंदे मातरम के 150 साल’ की भावना को समर्पित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देशवासियों से 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाने और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने के लिए अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की थी।
इंस्टाग्राम रील में प्रधानमंत्री ने देशवासियों से 15 अगस्त को गौरव के साथ मनाने, स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने और विकसित भारत का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ को हर घर का उत्सव बनाने का आह्वान किया।
वहीं, ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री ने कहा कि तिरंगा देश का गर्व है और देश के लिए हमेशा सर्वश्रेष्ठ देने की प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और विकसित भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प को दोहराने की अपील की।



