देहरादून, 18 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा के नेतृत्व में आठ सदस्यीय नेपाल आपदा राहत सहायता दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है उत्तराखंड
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नेपाल भारत का पड़ोसी देश होने के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक रूप से भी गहरे संबंध रखने वाला देश है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की कठिन घड़ी में उत्तराखंड और भारत के लोग नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने नेपाल आपदा राहत सहायता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संकट के समय जरूरतमंद लोगों की सहायता करना मानवीय जिम्मेदारी है।
प्रभावित गांव को गोद लेकर करेगा सहयोग
गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने बताया कि राहत दल नेपाल में आपदा प्रभावित लोगों की सहायता करेगा। इसके साथ ही एक गांव को गोद लेकर प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राहत कार्यों के तहत बच्चों के लिए स्कूल भवन निर्माण में सहयोग किया जाएगा। विद्यार्थियों को पुस्तकें और पठन-पाठन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए नेपाल सरकार और वहां की स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
विभिन्न शाखाओं और संस्थाओं ने दिया सहयोग
गोर्खाली सुधार सभा की मीडिया प्रभारी प्रभा शाह ने बताया कि आपदा के बाद नेपाल राहत सहायता के लिए कमेटी का गठन किया गया था और लोगों से सहयोग का आह्वान किया गया। सभा की विभिन्न शाखाओं और सहयोगी संस्थाओं ने राहत कार्यों में सहयोग किया है।
कार्यक्रम के दौरान गोर्खा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष अभिषेक शाही, शहीद मेजर दुर्गा मल्ल मंडल के अध्यक्ष राजीव गुरूंग, शमशेर थापा, टेकू थापा मगर, शंकर थापा, डम्मर थापा और लव तमांग सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

