देहरादून, 05 सितंबर। पछुवा देहरादून के खुशहालपुर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए कथित अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। खुशहालपुर अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान बुलडोजर से आधा दर्जन से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई की जद में आए कई लोग गोहत्या, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में आरोपित या हिस्ट्रीशीटर बताए गए हैं।
आपराधिक पृष्ठभूमि और संपत्तियों की हुई जांच
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार को कुछ ऐसे लोगों के बारे में सूचनाएं मिली थीं, जो अन्य राज्यों से आकर सरकारी भूमि पर कब्जा करने के साथ आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे। उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों की आपराधिक पृष्ठभूमि और संपत्तियों की जांच के बाद प्रशासन विधिसम्मत कार्रवाई कर रहा है।
जिलाधिकारी आशीष चौहान के निर्देश पर एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार, संबंधित संपत्तियों और भूमि से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे।
कई मामलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ गोहत्या, मादक पदार्थों की तस्करी, गुंडा अधिनियम और सरकारी भूमि पर कब्जे समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि कार्रवाई की जद में आए लोग आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और कुछ के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
सात लोगों के निर्माण पर कार्रवाई
जिलाधिकारी के अनुसार, खुशहालपुर क्षेत्र में आमिर के खिलाफ 21 गंभीर मामले दर्ज हैं। प्रशासन ने उसके मकान को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया। मेहराज के खिलाफ आठ, सलमान के खिलाफ 21, दिलशाद मिर्ची के खिलाफ आठ, मोहसिन के खिलाफ 15, फैजान के खिलाफ 19 और कौसर के खिलाफ मादक पदार्थों से जुड़े दो मामले दर्ज बताए गए हैं। इन लोगों के कथित अवैध निर्माणों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



