नई दिल्ली/पेरिस, 06 सितंबर। केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने फ्रांस की राजधानी पेरिस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी के भारतीय पवेलियन में ‘हूज नेक्स्ट’ प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी में भारत के समृद्ध फैशन, हथकरघा, हस्तशिल्प और जीवनशैली से जुड़े पारिस्थितिकी तंत्र की सांस्कृतिक विविधता और वैश्विक क्षमता को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
भारतीय उत्पादों के वैश्विक निर्यात पर चर्चा
केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय के अनुसार, यूरोप में भारत की भागीदारी और स्थानीय बाजारों तक भारतीय उत्पादों की पहुंच मजबूत करने के उद्देश्य से नीलम शमी राव ने डब्ल्यूएसएन के शीर्ष नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बातचीत की।
इस दौरान उन्होंने डब्ल्यूएसएन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फ्रेडरिक मॉस, अंतरराष्ट्रीय विकास एवं संवर्धन की निदेशक सैंड्रिन मेजियान और व्यवसाय विकास की निदेशक सिल्विया पोरैट के साथ भारतीय उत्पादों के वैश्विक निर्यात को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया।
इस वैश्विक मंच पर 94 भारतीय प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। पहल का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और भारतीय प्रदर्शकों के बीच प्रत्यक्ष व्यापारिक तालमेल स्थापित करना, वैश्विक स्तर पर पर्यावरण-अनुकूल और टिकाऊ फैशन को बढ़ावा देना तथा भारत और डब्ल्यूएसएन के बीच दीर्घकालिक साझेदारी को मजबूत करना है।
भारतीय ब्रांडों के लिए नए अवसर
इस पहल से उभरते भारतीय ब्रांडों और निर्यातकों के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यापार के नए अवसर खुलने की संभावना है। भारतीय फैशन उद्योग के साथ हथकरघा, हस्तशिल्प और जीवनशैली उत्पादों को वैश्विक बाजार में प्रदर्शित करने के लिए यह मंच महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
नीलम शमी राव की पेरिस यात्रा के दौरान भारतीय वस्त्र और फैशन उद्योग को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने की दिशा में भारत और फ्रांस के बीच एक महत्वपूर्ण पहल भी हुई। भारत टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन और रचनात्मक फैशन एवं वस्त्रों के प्रमुख वैश्विक मंच ‘प्रीमियर विजन एसए’ ने 2 सितंबर को एक बहुवर्षीय रणनीतिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
डेकाथलॉन स्पोर्ट्सलैब का दौरा
पेरिस यात्रा के दौरान नीलम शमी राव ने लिले महानगरीय क्षेत्र में डेकाथलॉन स्पोर्ट्सलैब का भी दौरा किया। यह केंद्र खेल परिधान, प्रदर्शन उत्पादों और मानव आवश्यकताओं पर आधारित डिजाइन में अनुसंधान आधारित नवाचार का प्रमुख केंद्र है।
दौरे के दौरान जैव-यांत्रिकी, शरीर की बनावट, गति विज्ञान, तापीय आराम और उत्पाद परीक्षण के क्षेत्रों में किए जा रहे उन्नत कार्यों की जानकारी दी गई। इससे यह प्रदर्शित हुआ कि अनुसंधान और तकनीक के माध्यम से बेहतर प्रदर्शन वाले, सुरक्षित और अधिक आरामदायक उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं।
एन्साइट संस्थान का भी दौरा
यात्रा के दौरान नीलम शमी राव ने फ्रांस के वस्त्र अभियांत्रिकी और नवाचार के प्रमुख संस्थानों में से एक एन्साइट, रूबे का भी दौरा किया। यह उच्च शिक्षा और अनुसंधान से जुड़ा संस्थान है।



