चम्पावत, 25 अगस्त।
त्योहारों को देखते हुए मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच
रक्षाबंधन और जन्माष्टमी के त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए चम्पावत में खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मुख्य बाजार स्थित विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ प्रतिष्ठानों के रसोईघर की स्वच्छता और साफ-सफाई की व्यवस्था भी जांची गई।
निरीक्षण के दौरान टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों से मावा बर्फी, बेसन लड्डू, गुलाब जामुन, बाल मिठाई और पेड़ा के पांच नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आठ किलोग्राम खराब मिठाई नष्ट कराई
अभियान के दौरान एक मिठाई प्रतिष्ठान में करीब आठ किलोग्राम पुरानी और खराब मिठाई मिली। खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर ही मिठाई को नष्ट कराया। साथ ही संबंधित कारोबारी को चेतावनी नोटिस जारी किया गया।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने खाद्य कारोबारियों को बिना बिल खाद्य सामग्री की खरीद नहीं करने और स्टॉक का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब अथवा समाप्ति तिथि पार कर चुकी खाद्य सामग्री का भंडारण और बिक्री नहीं करने को कहा।
स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी
खाद्य प्रतिष्ठानों में नियमित साफ-सफाई, खाद्य स्वच्छता और कीट नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कारोबारियों से लाइसेंस अथवा पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने, रेट लिस्ट लगाने और पैक्ड खाद्य पदार्थों पर निर्माण एवं समाप्ति तिथि स्पष्ट रूप से अंकित रखने को कहा गया।
प्रत्येक बिक्री पर कैश मेमो जारी करने और उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई होगी।
आमजन से खाद्य पदार्थों में मिलावट या अनियमितता की जानकारी मिलने पर विभाग को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है। निरीक्षण अभियान में सहायक दिनेश फर्त्याल भी शामिल रहे। विभाग के अनुसार आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।



