उत्तरकाशी, 12 अगस्त। नगर पालिका क्षेत्र के जोशियाड़ा सेरा में लगातार बनी जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने बुधवार को जिला कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रभावित लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समस्या के जल्द समाधान की मांग की। उनका कहना है कि जलभराव के कारण घरों में रखा सामान खराब हो रहा है और घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
लंबे समय से बनी है जलभराव की समस्या
जोशियाड़ा सेरा में जलभराव से प्रभावित स्थानीय लोग यूकेडी नेता किरन रावत के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में काफी लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस समस्या को लेकर नगर पालिका और सिंचाई विभाग से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है और बारिश के कारण जमा गंदा पानी अब लोगों के घरों में घुस रहा है।
घरों में घुस रहा गंदा पानी
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि जलभराव के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में रखा सामान खराब हो रहा है और लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना भी दूभर हो गया है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारियों की ओर से पहले स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद अब तक समस्या के निस्तारण के लिए कोई कार्य नहीं हो पाया।
एडीएम को सौंपा ज्ञापन, हाईवे जाम की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने एडीएम युक्ता मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर जोशियाड़ा सेरा में जलभराव की समस्या का तत्काल निस्तारण करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे गंगोत्री हाईवे को जाम करेंगे।
प्रदर्शन में अनिल थपलियाल, जगत रमोला, जयवीर नेगी, सुरजीत राणा, पंकज उनियाल, सतवीर रमोला, मोहित मथुरा, अविनाश नौटियाल, जगमोहन पश्चिमी, उपेन्द्र राणा सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।



