हरिद्वार, 08 अगस्त। कांवड़ मेले की भारी भीड़ के बीच नकली नोट चलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। हरकी पैड़ी क्षेत्र में कांवड़ यात्रियों के भेष में पहुंचे कुछ युवकों ने खरीदारी के दौरान कथित तौर पर नकली नोट चलाने का प्रयास किया। नोटों पर शक होने पर व्यापारी ने युवकों को पकड़ लिया, लेकिन भीड़ बढ़ने के दौरान आरोपी उसकी पकड़ से छूटकर साथियों के साथ फरार हो गए। मौके पर छूटे सामान से करीब 30 हजार रुपये की जाली करेंसी बरामद हुई है।
नोटों पर शक हुआ तो व्यापारी ने युवकों को पकड़ा
मामला हरकी पैड़ी चौकी क्षेत्र में काली मंदिर के पास का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार कुछ युवक कांवड़ यात्रियों के भेष में एक दुकान पर पहुंचे थे। खरीदारी के दौरान उन्होंने व्यापारी को कुछ नोट दिए। नोटों को देखते ही व्यापारी को उनकी असलियत पर संदेह हुआ। इसके बाद उसने युवकों को पकड़ लिया।
कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान पैदा हुई अफरातफरी का फायदा उठाकर आरोपी व्यापारी की पकड़ से छूट गए और भीड़ में गायब हो गए।
सामान में मिले 30 हजार रुपये के जाली नोट
आरोपियों के मौके पर छूटे सामान की तलाशी लेने पर करीब 30 हजार रुपये की नकली करेंसी बरामद हुई। बताया जा रहा है कि बरामद नोटों में 100, 200 और 500 रुपये के नोट शामिल हैं।
सामान से मुरादाबाद और चंदौसी के रेलवे टिकट के अलावा आधार कार्ड और पैन कार्ड भी मिले हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जाली नोटों सहित अन्य सामान को कब्जे में ले लिया।
रेलवे टिकट और दस्तावेजों से जांच आगे बढ़ा रही पुलिस
पुलिस अब बरामद रेलवे टिकटों और दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी आवाजाही से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी हरिद्वार कब और किस माध्यम से पहुंचे थे तथा फरार होने के बाद किस दिशा में गए।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान होने के साथ उनके भागने का रास्ता भी सामने आ सकता है।
नकली नोटों के नेटवर्क की भी जांच
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मौके से जाली नोट बरामद हुए हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद नकली नोट कहां से लाए गए और क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह या बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।
कांवड़ मेले में पहले भी सामने आए नकली नोट के मामले
हरिद्वार में कांवड़ मेले से पहले भी नकली नोटों को खपाने की आशंका को लेकर पुलिस सतर्क रही है। इससे पहले नगर कोतवाली पुलिस ने नकली नोट चलाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पंजाब निवासी कथित मास्टरमाइंड समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
वहीं, श्यामपुर थाना पुलिस भी इससे पहले नकली नोट गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से जुड़े आरोपी शामिल बताए गए थे।
कांवड़ मेले के दौरान अब कांवड़ यात्रियों के भेष में नकली नोट चलाने की कोशिश सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद जाली करेंसी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है या आरोपियों ने स्थानीय स्तर पर इसे खपाने की योजना बनाई थी।



