नई दिल्ली, 24 जुलाई। जंतर-मंतर पर जारी धरना और विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर लगाए गए प्रतिबंध की अवधि बढ़ा दी है। वहीं, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने भी प्रदर्शन को देखते हुए 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का निर्णय लिया है।
सूत्रों के अनुसार, इलाके में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं गुरुवार सुबह से बंद हैं। शुरुआत में प्रतिबंध की अवधि दोपहर तक निर्धारित की गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर रात 12 बजे तक कर दिया गया। दूरसंचार सेवा प्रदाताओं की ओर से ग्राहकों को भेजे जा रहे संदेशों में कहा गया है कि सरकारी आदेश के तहत संबंधित क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद की गई हैं।
प्रशासन का कहना है कि यह कदम कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के उद्देश्य से उठाया गया है। प्रदर्शन स्थल के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है और गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने भी यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव किया है। गुरुवार रात जारी सूचना के अनुसार, शुक्रवार सुबह 7.30 बजे से अगले आदेश तक जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों से जुड़े 17 मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे।
बंद किए गए मेट्रो स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान स्टेशन शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि संसद मार्च के आह्वान के बाद से ही नई दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क है। प्रदर्शनकारियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए मेट्रो संचालन और मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर नियंत्रण के फैसले लिए गए हैं।
मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट के प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर छात्रों और अन्य प्रदर्शनकारियों का एक समूह पिछले कई दिनों से जंतर-मंतर पर धरना दे रहा है। प्रदर्शनकारी मामले में कड़ी कार्रवाई और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से लगातार अपील की जा रही है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया जाए।
जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा इंतजामों के बीच आम लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मेट्रो सेवाओं में बदलाव के कारण यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाने की सलाह दी गई है। प्रशासन स्थिति की समीक्षा के बाद आगे के फैसले लेगा।


