Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeएनसीआरदिल्लीदिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सख्ती,...

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, एक सप्ताह में 32,235 चालान

नई दिल्ली, 23 अगस्त। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बीते एक सप्ताह में चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने समेत विभिन्न यातायात उल्लंघनों के मामलों में कुल 32,235 चालान किए गए हैं। इसके अलावा जाम वाले इलाकों में ई-रिक्शा के खिलाफ भी कार्रवाई की गई और 63 ई-रिक्शा जब्त किए गए।

बिना हेलमेट वाहन चलाने पर सबसे अधिक चालान

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) विजयंता गोयल आर्या ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सबसे अधिक कार्रवाई हुई। ऐसे मामलों में कुल 22,992 चालान किए गए।

वहीं, गलत दिशा में वाहन चलाने के मामलों में 7,675 चालान किए गए। तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने पर भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1,568 चालान काटे।

पुलिस के अनुसार, यातायात नियमों के गंभीर उल्लंघन को रोकने के लिए विशेष अभियान के तहत लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसका उद्देश्य सड़क पर नियमों का पालन सुनिश्चित करना और लापरवाही से वाहन चलाने के मामलों पर अंकुश लगाना है।

इस वर्ष 2,676 एफआईआर दर्ज

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने बताया कि वर्ष की शुरुआत से अब तक ऐसे गंभीर यातायात उल्लंघनों के मामलों में 2,676 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। पुलिस बार-बार, जानबूझकर या गंभीर रूप से नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ वाहन जब्त करने जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई कर रही है।

ई-रिक्शा के खिलाफ भी कार्रवाई

ई-रिक्शा से जुड़ी हाल की दुर्घटनाओं और अव्यवस्थित तरीके से वाहन चलाने की घटनाओं को देखते हुए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर इनके खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। गलत दिशा में वाहन चलाने और अचानक रुकने जैसी गतिविधियों को भी कार्रवाई का आधार बनाया गया।

अभियान के दौरान 63 ई-रिक्शा जब्त किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि गंभीर और बार-बार होने वाले यातायात उल्लंघनों को लेकर सख्ती जारी रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का यह विशेष अभियान यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने और सड़क पर अनुशासन बनाए रखने की दिशा में चलाया जा रहा है।

Popular Articles