नई दिल्ली, 22 जुलाई। राजधानी दिल्ली में सुरक्षा कारणों को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है। इन स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि कुछ प्रमुख स्टेशनों पर केवल लाइन बदलने यानी इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने बुधवार को जानकारी साझा करते हुए बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मेट्रो सेवाओं से जुड़ी नवीनतम जानकारी जरूर देख लें।
इन मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद
डीएमआरसी के अनुसार, अगले आदेश तक कई प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों का प्रवेश और निकास बंद रहेगा। प्रभावित स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं।
इसके अलावा राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर यात्रियों को प्रवेश और बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी, लेकिन यहां केवल इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। यानी यात्री एक मेट्रो लाइन से दूसरी लाइन में बदलाव कर सकेंगे।

यात्रियों को हो सकती है परेशानी
दिल्ली के व्यस्त इलाकों में स्थित इन स्टेशनों के बंद होने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग सकता है। खासतौर पर कार्यालय समय और भीड़भाड़ वाले घंटों में यात्रियों को वैकल्पिक स्टेशनों का इस्तेमाल करना पड़ सकता है।
डीएमआरसी ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और जरूरत पड़ने पर आसपास के खुले मेट्रो स्टेशनों का उपयोग करें।
सुरक्षा व्यवस्था के चलते लिया गया फैसला
राजधानी में चल रहे विरोध प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मेट्रो सेवाओं में यह बदलाव किया गया है। दिल्ली मेट्रो इससे पहले भी बड़े आयोजनों, प्रदर्शनों और सुरक्षा अलर्ट के दौरान कुछ स्टेशनों पर अस्थायी प्रतिबंध लगाती रही है।
प्रशासन की ओर से स्थिति सामान्य होने के बाद इन स्टेशनों को दोबारा खोलने का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए मेट्रो की आधिकारिक सूचना पर नजर बनाए रखें।

