Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

रुड़की में ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड का श्रवण, मुख्यमंत्री धामी बोले—जनभागीदारी से सशक्त हो रहा राष्ट्र निर्माण

हरिद्वार, 28 जून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को रुड़की में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण को भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ सुना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री के संदेशों को बताया प्रेरणा स्रोत

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम जनभागीदारी को सशक्त बनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरणा देने का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने हर संबोधन में देशभर में हो रहे प्रेरणादायी कार्यों को सामने लाते हैं, जिससे आम नागरिकों में राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता और सक्रियता बढ़ती है।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत का संवर्धन, नवाचार, युवाओं की भागीदारी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार चर्चा की जाती है।

‘सबका प्रयास’ से विकसित भारत की दिशा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘सबका प्रयास’ का संदेश विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक मजबूत आधार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि देश के हर नागरिक की भागीदारी के बिना विकास का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा और उत्तराखंड भी इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में जनकल्याण, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं युवा सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, श्यामवीर सैनी, आदेश सैनी, शोभाराम प्रजापति, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का समापन विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Popular Articles