लाहौर, 06 सितंबर। पाकिस्तान के पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने कहा है कि उनके सूबे को पड़ोसी देशों की तुलना में पड़ोसी सूबों से अधिक खतरा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आतंकवाद राज्य की सीमाओं से प्रवेश करता है और प्रांत को अपनी सभी प्रांतीय सीमाओं से सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
पंजाब को पड़ोसी सूबों से ज्यादा खतरा: मरियम नवाज
लाहौर में शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मरियम नवाज ने कहा कि 13 करोड़ की आबादी वाले पंजाब को अपने पड़ोसी देशों से उतना खतरा नहीं है, जितना पड़ोसी राज्यों से है।
उन्होंने विशेष रूप से खैबर पख्तूनख्वा का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां से पंजाब में आतंकवाद आता है। मरियम नवाज ने कहा कि सबकी नजरें पंजाब पर हैं, लेकिन ईश्वर का शुक्र है कि पंजाब सुरक्षित है।
पाकिस्तान में पिछले कुछ वर्षों के दौरान खासकर पंजाब से सटे खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान सूबों में आतंकी गतिविधियों में काफी बढ़ोतरी हुई है। पंजाब की सीमा भारत से भी लगती है।
पीटीआई नेता ने बयान की आलोचना की
मरियम नवाज की टिप्पणी पर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के वरिष्ठ नेता और नेशनल असेंबली के अध्यक्ष असद कैसर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने खैबर पख्तूनख्वा के बारे में मुख्यमंत्री की टिप्पणियों को अपमानजनक और व्यंग्यात्मक बताया।
असद कैसर ने कहा कि मरियम नवाज की टिप्पणियां बेहद शर्मनाक हैं और उनकी बिना किसी शर्त के निंदा की जानी चाहिए।
प्रांतीय असंतोष को लेकर उठे सवाल
मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के अनुसार, मरियम नवाज की टिप्पणी पाकिस्तान के विभिन्न प्रांतों में लंबे समय से मौजूद असंतोष को और बढ़ावा दे सकती है। उनके मुताबिक, इस तरह के बयानों से उस श्रेष्ठता की भावना को बल मिलता है, जिसने पाकिस्तान के अलग-अलग प्रांतों में असंतोष की भावना को हवा दी है।



