देहरादून, 17 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों से उत्तराखंड की वैश्विक पहचान मजबूत होगी और प्रदेश में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने यह बात सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 के शुभारंभ अवसर पर कही।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी गौरव का विषय
मुख्यमंत्री धामी ने प्रतियोगिता में देश-विदेश से शामिल होने आए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव की बात है कि प्रदेश को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन से उत्तराखंड की पहचान शीतकालीन और आइस स्पोर्ट्स के लिए अनुकूल गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी। अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से प्रदेश में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
खेलों से बढ़ता है मित्रता और सद्भाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल विभिन्न देशों को जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं देशों के बीच मित्रता, सद्भाव और खेल भावना को बढ़ावा देती हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं। वास्तविक सफलता अनुशासन, समर्पण और कभी हार न मानने वाली इच्छाशक्ति में निहित है।
23 खेल अकादमियां होंगी स्थापित
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से प्रदेश में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल अवस्थापना का आधार तैयार हुआ है। इसी का परिणाम है कि राज्य अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में सक्षम हो रहा है।
धामी ने बताया कि स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में कार्य चल रहा है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है।
विंटर और आइस स्पोर्ट्स को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पारंपरिक खेलों के साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है। एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 17 से 20 अगस्त तक देहरादून में आयोजित की जा रही है।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



