Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़देहरादून न्यूज़टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा...

टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा से शिवमय हुआ देहरादून, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

देहरादून, 26 अगस्त। टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा के अवसर पर बुधवार को राजधानी देहरादून पूरी तरह शिवमय नजर आई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़, आकर्षक धार्मिक झांकियों, ढोल-नगाड़ों और ‘हर-हर महादेव’ व ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा शहर भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा मार्ग पर जगह-जगह भंडारे लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को भोजन, प्रसाद और पेयजल वितरित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने किया शोभायात्रा का शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टपकेश्वर महादेव की भव्य शोभायात्रा में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज, महंत दिगम्बर भरत गिरी महाराज और टपकेश्वर सेवा दल के अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता के साथ विधि-विधान से पूजा की और शोभायात्रा का शुभारंभ किया। यह यात्रा देर शाम तक चलेगी।

मुख्यमंत्री ने भगवान टपकेश्वर महादेव से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। धार्मिक आयोजन आस्था, एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।

भव्य झांकियों ने खींचा श्रद्धालुओं का ध्यान

शोभायात्रा में भगवान शिव और माता पार्वती सहित विभिन्न धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियां शामिल हैं। भव्य सजावट और कलाकारों की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई हैं। शिव-पार्वती के स्वरूपों और भगवान शिव के विभिन्न रूपों को झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।

सुबह से ही शहर के अलग-अलग हिस्सों से शिवभक्त शोभायात्रा में शामिल होने पहुंचने लगे। यात्रा आगे बढ़ने के साथ मार्ग पर भीड़ बढ़ती गई। सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों ने झांकियों के दर्शन किए और कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

जगह-जगह लगाए गए भंडारे

शोभायात्रा मार्ग पर स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न संस्थाओं की ओर से भंडारे लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं को भोजन, प्रसाद और पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग सेवा कार्य में जुटे हैं।

ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु उत्साह से शोभायात्रा में शामिल हो रहे हैं। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में यात्रा का हिस्सा बने हैं।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाल रहा प्रशासन

शोभायात्रा को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी मार्ग पर व्यवस्था संभालते नजर आए। शोभायात्रा को लेकर पहले से यात्रा योजना भी जारी की गई है।

Popular Articles