मुंबई, 27 अगस्त। अभिनेता वीर पहाड़िया ने अपनी आगामी फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ के पहले गाने ‘अंडी बंडी’ की शूटिंग के दौरान के कुछ मजेदार बिहाइंड-द-सीन्स पल सोशल मीडिया पर साझा किए हैं। इन वीडियो में फिल्म के कलाकारों और पूरी टीम की जबरदस्त ऊर्जा, उत्साह और मस्ती देखने को मिल रही है।
वीर पहाड़िया ने दिखाई शूटिंग की झलक
वीर पहाड़िया ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, “स्टेप्स की गिनती नहीं, मस्ती का हिसाब नहीं, अंडी बंडी।” वीडियो से साफ नजर आता है कि गाने की शूटिंग के दौरान सेट का माहौल किसी जश्न से कम नहीं था। कलाकारों के साथ फिल्म की पूरी टीम ने शूटिंग के दौरान जमकर मस्ती की और इन खुशनुमा पलों को यादगार बनाया।
कॉलेज लाइफ की ऊर्जा से भरपूर है अंडी बंडी
‘अंडी बंडी’ कॉलेज की दोस्ती, हॉस्टल लाइफ और युवाओं के बेफिक्र पलों की ऊर्जा को दर्शाता है। हाई-एनर्जी इस गाने में वीर पहाड़िया के साथ निखिल विजय भी नजर आ रहे हैं।
कुमाऊंनी लोकगीत से शुरुआत करने वाले इस गाने का संगीत शशि ने तैयार किया है। शशि ने बृजेश शांडिल्य के साथ मिलकर इसे अपनी आवाज भी दी है। वहीं, लिटिल भाटिया और मेजम्यूजिक ने गाने में रैप का तड़का लगाया है, जिससे इसकी युवा और जोशीली प्रस्तुति को और खास बनाया गया है।
दोस्ती और प्यार की कहानी है प्रेम कीटाणु
अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी ‘प्रेम कीटाणु’ दोस्ती, प्यार, दिल टूटने और कॉलेज जीवन के उतार-चढ़ाव की कहानी है। फिल्म में अपारशक्ति खुराना, आफिया सैयद, राकेश बेदी और निखिल विजय भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
‘प्रेम कीटाणु’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी। फिल्म के पहले गाने ‘अंडी बंडी’ से कॉलेज जीवन और युवाओं की मस्ती से जुड़ी कहानी की झलक देखने को मिल रही है।



