Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़देहरादून न्यूज़नर्सिंग भर्ती परीक्षा की स्वतंत्र...

नर्सिंग भर्ती परीक्षा की स्वतंत्र जांच की मांग, परिणाम और नियुक्ति प्रक्रिया रोकने की अपील

देहरादून, 20 अगस्त। नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर नर्सिंग एकता मंच ने 25 जुलाई को आयोजित लिखित परीक्षा की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। मंच ने सरकार से आग्रह किया कि जांच पूरी होने तक भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित करने और नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर रोक लगाई जाए।

नर्सिंग भर्ती परीक्षा को लेकर उठाए सवाल

गुरुवार को प्रेस क्लब में नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर और बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने संयुक्त रूप से पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार और विभागीय अधिकारियों की ओर से उनकी मांगों पर विचार करने के साथ वर्षवार भर्ती को लेकर आश्वासन भी दिया गया था।

मंच के अनुसार, इस संबंध में प्रस्ताव शासन को भेजा गया था और शासन स्तर से उस पर जवाब मांगा गया था। मंच ने सवाल उठाया कि जब शासन का जवाब लंबित था और अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी था, तब 25 जुलाई को लिखित परीक्षा आयोजित कर नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जल्दबाजी क्यों की गई।

कथित लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों का दावा

नर्सिंग एकता मंच ने दावा किया कि 25 जुलाई की परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया से संबंधित कथित संदिग्ध लेन-देन और ट्रांजेक्शन से जुड़े दस्तावेज एवं साक्ष्य अभ्यर्थियों के पास उपलब्ध हैं। हालांकि, मंच ने स्पष्ट किया कि वह बिना जांच किसी व्यक्ति को दोषी नहीं ठहरा रहा है।

मंच ने कहा कि इन दस्तावेजों और साक्ष्यों की वास्तविकता का निर्धारण स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच के माध्यम से किया जाना चाहिए। यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

जांच पूरी होने तक भर्ती प्रक्रिया रोकने की मांग

मंच ने सरकार से पूरी भर्ती प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि जांच पूरी होने तक भर्ती परीक्षा का परिणाम और नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जानी चाहिए।

मंच के अनुसार, यदि जांच में किसी तरह की अनियमितता प्रमाणित होती है तो पूरी भर्ती प्रक्रिया निरस्त की जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

इस दौरान मंच ने बताया कि एकता विहार में नर्सिंग एकता मंच का आंदोलन गुरुवार को 269वें दिन भी जारी रहा। प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता नितिन, राजेंद्र कुकरेती, प्रवेश रावत, उपेंद्र, मुकेश रमोला और जतिन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Popular Articles