देहरादून, 11 अगस्त। देहरादून पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की सात मोटरसाइकिल समेत कुल 13 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपित सुनियोजित तरीके से रेकी कर सुनसान स्थानों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे।
वाहन चोरी की शिकायतों के बाद गठित की गई टीमें
कोतवाली पटेलनगर में वाहन चोरी की दो शिकायतों के आधार पर मुकदमे दर्ज किए गए थे। इसके बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में सामने आए आरोपितों का सत्यापन भी किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त को हरिद्वार बाईपास रोड स्थित कबाड़ी बाजार के पास नव निर्मित सड़क पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो लोगों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने देहरादून के अलग-अलग स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी के अन्य वाहन भी बरामद किए गए।
दो अन्य चोरी के वाहनों की भी मिली जानकारी
पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने दो अन्य चोरी के वाहनों के संबंध में भी जानकारी दी है। इनमें एक मोटरसाइकिल थाना श्यामपुर, हरिद्वार और दूसरा वाहन पानीपत, हरियाणा में पुलिस द्वारा सीज किया गया है। इन वाहनों की बरामदगी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है।
रेकी के बाद चोरी करते थे वाहन
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे पहले अलग-अलग इलाकों में घूमकर सुनसान स्थानों पर खड़े दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे। मौका मिलने पर वाहन चोरी कर उसकी नंबर प्लेट हटा देते थे। इसके बाद पुलिस से बचने के लिए गली-मोहल्लों के रास्ते चोरी के वाहनों को चिन्हित ठिकानों पर खड़ा कर देते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपित अपने खर्चों की पूर्ति के लिए बिना नंबर प्लेट वाले चोरी के वाहनों को परिचित लोगों को किराये पर भी देते थे। सही ग्राहक मिलने पर वाहनों को बेचने की तैयारी थी और चोरी के वाहनों को दूसरे राज्यों में ले जाकर बेचने के लिए ग्राहक तलाशे जा रहे थे।
दोनों आरोपित हरिद्वार के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विवेक सिंह विश्नोई (23) पुत्र धनवीर सिंह विश्नोई, श्यामपुर कांगड़ी, हरिद्वार और गुरप्रीत सिंह (20) पुत्र कुलवंत सिंह, ग्राम टाटवाला, श्यामपुर कांगड़ी, हरिद्वार के रूप में हुई है।



