चम्पावत, 14 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेल निदेशालय उत्तराखंड के सौजन्य से जिला खेल कार्यालय चम्पावत की ओर से स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में जिला स्तरीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कोतवाल चेतन रावत ने दिखाई हरी झंडी
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि टनकपुर कोतवाल चेतन रावत और उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह धामी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।
अंडर-14 वर्ग में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में मोहित कुमार ने पहला, मयंक गुप्ता ने दूसरा और अंशु कुमार ने तीसरा स्थान हासिल किया। आदर्श कुमार चौथे, प्रकाश नेगी पांचवें और आयुष एरी छठे स्थान पर रहे।
अंडर-14 बालिका वर्ग में सीमा बोहरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दिया दूसरे, नैना चोराकोटी तीसरे, पूजा चौथे, नंदनी पांचवें और दिशा छठे स्थान पर रहीं।
सीनियर वर्ग के परिणाम
सीनियर बालक वर्ग में सौरभ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पवन रेशवाल दूसरे, सौरभ बिष्ट तीसरे, आयुष खनका चौथे, मनीष पांडे पांचवें और राजू बिष्ट छठे स्थान पर रहे।
सीनियर बालिका वर्ग में वंशिका प्रथम, सरिता द्वितीय, प्रियंका तृतीय, सिया चतुर्थ, प्रीति पंचम और दिशा बिष्ट छठे स्थान पर रहीं।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग से ललित मोहन भट्ट, रचित वल्दिया और चंद्र सिंह खोलिया मौजूद रहे।
खेल विभाग की ओर से फुटबॉल प्रशिक्षक गौरव खोलिया, बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुँवर और सूरज पांडे, हॉकी प्रशिक्षक प्रकाश सिंह, क्रिकेट प्रशिक्षक मनोज टकवाल, वॉलीबॉल प्रशिक्षक आशा पांडे, हैंडबॉल प्रशिक्षक महेश चुफाल, ताईक्वांडो प्रशिक्षक इमरान तथा एथलेटिक्स प्रशिक्षक आकाश, हीरा, दीपक और राकेश जोशी सहित अनेक अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।



