Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeएनसीआरदिल्लीअमित शाह ने शुरू किया...

अमित शाह ने शुरू किया ‘मिशन 70 लाख’ पौधारोपण अभियान, दिल्ली के ग्रीन रिज में लगेंगे एक करोड़ से अधिक देशी पौधे

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि पर्यावरण संतुलन की अनदेखी कर किया गया विकास टिकाऊ नहीं हो सकता। उन्होंने घोषणा की कि दिल्ली के 6,300 हेक्टेयर ग्रीन रिज क्षेत्र के पुनर्जीवन के लिए अगले चार वर्षों में एक करोड़ से अधिक देशी पौधे लगाए जाएंगे। इस व्यापक अभियान का उद्देश्य रिज क्षेत्र को फिर से विकसित कर राजधानी के ‘हरे फेफड़े’ के रूप में स्थापित करना है।

अमित शाह ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत दिल्ली में ‘मिशन 70 लाख’ पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने दिल्ली सरकार की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य दिल्ली के प्राकृतिक पर्यावरण को पुनर्जीवित करना और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित हरित विरासत तैयार करना है।

रिज क्षेत्र के संरक्षण पर विशेष जोर

गृह मंत्री ने कहा कि दिल्ली के रिज क्षेत्र को दोबारा कानूनी संरक्षण देने, जैव विविधता को पुनर्स्थापित करने, मिट्टी और जल संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले तीन वर्षों में पूरे रिज क्षेत्र में पीपल, बरगद, नीम, गूलर, अर्जुन और जामुन जैसे दीर्घायु देशी वृक्ष लगाए जाएंगे, जो लंबे समय तक पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत एक करोड़ से अधिक देशी पौधों का रोपण किया जाएगा, जिसमें लगभग 35 लाख बड़े वृक्ष तथा 65 लाख झाड़ियां, बांस और औषधीय पौधे शामिल होंगे। इससे दिल्ली की हरित संपदा में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती मिलेगी।

रिज क्षेत्र को मिलेगा कानूनी संरक्षण

अमित शाह ने बताया कि वर्ष 1994 में दिल्ली के 7,784 हेक्टेयर रिज क्षेत्र को भारतीय वन अधिनियम के तहत अधिसूचित किया गया था, लेकिन इसकी अंतिम अधिसूचना लंबे समय से लंबित थी। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि अब 5,000 हेक्टेयर रिज क्षेत्र को वन क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। शेष क्षेत्र को भी कानूनी सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में सरकार तेजी से कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में रिज क्षेत्र में बड़ी संख्या में विदेशी एवं कंटीली प्रजातियों के पेड़ मौजूद हैं, जो पर्यावरणीय दृष्टि से अपेक्षित लाभ नहीं पहुंचाते। इनके स्थान पर देशी प्रजातियों के वृक्ष लगाए जाएंगे, जिससे जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन को नई मजबूती मिलेगी।

जनभागीदारी से सफल होगा अभियान

गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते वैश्विक तापमान जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे ग्रीन ड्राइव पोर्टल पर जाकर पौधारोपण के लिए अपना समय निर्धारित करें और इस अभियान का सक्रिय हिस्सा बनें।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सामूहिक प्रयासों से ही दिल्ली को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सकता है।

विकास परियोजनाओं को भी मिली गति

अमित शाह ने बताया कि इस अवसर पर नरेला में हाई सिक्योरिटी जेल का शिलान्यास, स्वचालित वाहन परीक्षण केंद्र का उद्घाटन, तीन नए बस डिपो का लोकार्पण तथा 300 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की शुरुआत भी की गई। उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं आधुनिक, टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल राजधानी के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

यमुना की सफाई के लिए नई पहल

यमुना नदी के संरक्षण का उल्लेख करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि अब दिल्ली की डेयरियों का गोबर यमुना में नहीं जाने दिया जाएगा। इसके लिए अगले सप्ताह राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के साथ समझौता किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गोबर का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण कर जैविक खाद तैयार की जाएगी, जिससे प्रदूषण कम होगा और यमुना की स्वच्छता अभियान को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे का संतुलित समन्वय ही विकसित भारत की दिशा में सबसे प्रभावी कदम साबित होगा।

Popular Articles