मुंबई, 17 अगस्त। अभिनेता गुरप्रीत घुग्गी ने पंजाब में पिछले वर्ष आई बाढ़ के दौरान अभिनेता अक्षय कुमार की मदद को याद करते हुए उनकी दरियादिली की सराहना की। उन्होंने कहा कि अक्षय कुमार पर्दे पर भले ही अलग-अलग किरदार निभाते हैं, लेकिन असल जिंदगी में वह बेहद शानदार इंसान हैं।
अक्षय कुमार ने बाढ़ के बाद मदद की पेशकश की
गुरप्रीत घुग्गी ने बताया कि बाढ़ के दौरान अक्षय कुमार ने उनसे संपर्क कर पूछा था कि वह प्रभावित लोगों की किस तरह मदद कर सकते हैं। उस समय लोगों को भोजन, पानी और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया जा रहा था। ऐसे में घुग्गी ने अक्षय कुमार से बाढ़ के बाद प्रभावित परिवारों की मदद करने का सुझाव दिया, क्योंकि कई लोगों के घर पूरी तरह बर्बाद हो गए थे।
उन्होंने बताया कि जरूरतमंद परिवारों की पहचान के लिए एक टीम बनाई गई। इसके बाद गुरदासपुर और अमृतसर जिलों में प्रभावित परिवारों के लिए घरों का निर्माण कराया जा रहा है।
100 घर बनाने का किया था वादा
गुरप्रीत घुग्गी के मुताबिक, अक्षय कुमार ने प्रभावित परिवारों के लिए 100 घर बनाने का वादा किया था। इनमें से 80 घर तैयार हो चुके हैं, जबकि बाकी घरों का काम जल्द पूरा होने की उम्मीद है।
घुग्गी ने कहा कि यह सब अक्षय कुमार की वजह से संभव हुआ है। उन्होंने बताया कि यह कार्य अक्षय कुमार द्वारा अपने दिवंगत पिता हरि ओम भाटिया की याद में स्थापित हरि ओम फाउंडेशन के तहत किया जा रहा है।
मदद का श्रेय लेने से बचते हैं अक्षय
अक्षय कुमार की दरियादिली को याद करते हुए गुरप्रीत घुग्गी ने कहा कि अक्षय पर्दे पर हैवान का किरदार निभा रहे हैं, लेकिन असल जिंदगी में वह एक शानदार इंसान हैं।
घुग्गी के अनुसार, अक्षय कुमार नहीं चाहते थे कि उनकी मदद के बारे में सार्वजनिक रूप से उनका नाम सामने आए। उन्होंने कहा था कि किसी की मदद करना और फिर उसके बारे में लोगों को बताना उन्हें उचित नहीं लगता।
गौरतलब है कि गुरप्रीत घुग्गी ने अक्षय कुमार के साथ ‘सिंह इज़ किंग’ (2008) और ‘कठपुतली’ (2022) जैसी फिल्मों में काम किया है।



