Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeविश्वभारतब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल...

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने नई दिल्ली पहुंचे वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग

नई दिल्ली, 12 सितंबर। वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग शनिवार को 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंचे। केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

विदेश मंत्रालय ने वियतनाम के प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और वियतनाम के बीच ‘बेहतर व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ है। यह साझेदारी दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे दोस्ती और सहयोग के संबंधों पर आधारित है तथा रक्षा एवं सुरक्षा, वित्तीय प्रौद्योगिकी, महत्वपूर्ण खनिजों और अन्य उभरते क्षेत्रों तक फैली हुई है।

भारत-वियतनाम संबंधों को नई मजबूती

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और वियतनाम विभिन्न बहुपक्षीय मंचों पर भी मिलकर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग का ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए भारत पहुंचना दोनों देशों के बीच जारी सहयोग के संदर्भ में महत्वपूर्ण है।

भारत शनिवार और रविवार, 12-13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। सम्मेलन में ब्रिक्स के सदस्य और सहयोगी देशों के नेताओं के अलावा विशेष रूप से आमंत्रित अतिथि भी भाग ले रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की थीम ‘लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण’ है। यह विषय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मानवता सर्वोपरि’ की भावना पर आधारित और जन-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाता है।

वियतनाम यात्रा के दौरान हुई थी अहम मुलाकात

पिछले महीने वियतनाम की यात्रा के दौरान विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा ने प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने और उच्च-स्तरीय प्रतिबद्धताओं को ठोस परिणामों में बदलने के लिए प्रधानमंत्री हंग के मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

बैठक के दौरान पवित्र मार्गेरिटा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से वियतनाम के प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम की भारत यात्रा को भी याद किया। इस यात्रा के दौरान भारत और वियतनाम के द्विपक्षीय संबंधों को ‘बेहतर व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाया गया था।

भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ का प्रमुख स्तंभ है वियतनाम

इससे पहले मई में नई दिल्ली में राष्ट्रपति तो लाम के साथ बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और वियतनाम के संबंधों को ‘बेहतर व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाने की घोषणा की थी।

हैदराबाद हाउस में हुई बातचीत के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने वियतनाम को भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और ‘महासागर’ दृष्टिकोण का एक प्रमुख स्तंभ बताया था। वहीं, राष्ट्रपति तो लाम ने भारत की प्रगति की सराहना करते हुए उसे दुनिया में विकास और नवाचार का केंद्र बताया था। उन्होंने कहा था कि भारत और वियतनाम अपने द्विपक्षीय संबंधों को बहुत अधिक महत्व देते हैं।

Popular Articles