हरिद्वार, 01 सितंबर। कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने माइनिंग चेक पोस्ट से चोरी हुए करीब 35 लाख रुपये कीमत के 12 टायरा ट्रक को महज 48 घंटे के भीतर बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने चोरी किए गए ट्रक को जंगल में झाड़ियों के बीच छिपा रखा था और पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट भी हटा दी थी।
माइनिंग चेक पोस्ट से चोरी हुआ था ट्रक
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को श्यामपुर क्षेत्र स्थित माइनिंग चेक पोस्ट से लाल रंग का खुली बॉडी वाला 12 टायरा ट्रक चोरी हो गया था। मामले में कोतवाली श्यामपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्धों पर निगरानी बढ़ाई और मामले से जुड़े सुराग जुटाए।
पूछताछ में सामने आया चोरी का राज
पुलिस ने 31 अगस्त को दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने ट्रक चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने पुलिस को बताया कि चोरी किया गया ट्रक गैंडीखाता क्षेत्र में जंगल की ओर गुर्जर बस्ती के पास छिपाकर रखा गया है।
जानकारी मिलने के बाद उपनिरीक्षक गगन मैठाणी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जंगल में तलाश शुरू की। टीम ने झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया चोरी का ट्रक बरामद कर लिया।
नंबर प्लेट हटाकर छिपाई पहचान
पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने ट्रक की पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट भी निकाल दी थी। बरामदगी की पूरी कार्रवाई ई-साक्ष्य एप के माध्यम से वीडियोग्राफी कर दर्ज की गई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शहजाद परवेज (38) पुत्र अमीनुद्दीन, निवासी मोहल्ला मुगलुशाह, नजीबाबाद और हबीब खां (55) पुत्र प्यारे खां, निवासी मोहल्ला किला, नजीबाबाद, बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते चोरी हुआ करीब 35 लाख रुपये कीमत का 12 टायरा ट्रक 48 घंटे के भीतर बरामद कर लिया गया।

