मुंबई, 26 अगस्त। बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन इन दिनों अपने रक्षाबंधन विज्ञापन को लेकर चर्चा में हैं। विज्ञापन में उनके पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी। इसके बाद कृति सेनन ने ट्रोल करने वालों को जवाब देते हुए कहा था कि किसी भी त्योहार की असली खूबसूरती कपड़ों में नहीं, बल्कि उससे जुड़ी भावनाओं, परंपराओं और रिश्तों में होती है। अब विवाद के एक दिन बाद ज्वेलरी ब्रांड ने अपना विज्ञापन सभी मंचों से हटा लिया है।
ज्वेलरी ब्रांड ने जारी किया बयान
ब्रांड ने बुधवार को इंस्टाग्राम पर बयान जारी कर कहा कि वह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का सम्मान करता है। ब्रांड के अनुसार, उसका हमेशा से मानना रहा है कि त्योहारों के खुशियों भरे पलों को पूरे परिवार के साथ मनाया जाना चाहिए।
बयान में कहा गया कि इस बार ब्रांड इस प्यार और जश्न में पालतू जानवरों को भी शामिल करना चाहता था। हालांकि, यदि विज्ञापन से समाज के किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं, तो ब्रांड ने इसके लिए खेद जताया। साथ ही विज्ञापन को सभी मीडिया मंचों से हटाने का फैसला किया।
कृति सेनन ने आलोचना का दिया जवाब
कृति सेनन ने 25 अगस्त को अपने इंस्टाग्राम खाते पर एक पोस्ट साझा कर विज्ञापन को लेकर हो रही आलोचना का जवाब दिया था। उन्होंने कहा कि त्योहारों का अर्थ किसी व्यक्ति के पहने हुए कपड़ों में नहीं, बल्कि परंपराओं के प्रति उसकी भावनाओं और उनके महत्व में होता है।
कृति ने रक्षाबंधन को सुरक्षा और प्यार के रिश्ते का प्रतीक बताते हुए कहा कि वह और उनकी बहन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं और एक-दूसरे की सुरक्षा, अच्छी सेहत, खुशी और लंबी उम्र की कामना करती हैं।
अभिनेत्री ने आगे कहा कि उनके लिए प्यार, प्रार्थना और एक-दूसरे की देखभाल का यह रिश्ता उनके कुत्तों तक भी पहुंचता है, क्योंकि वे भी उनके परिवार का हिस्सा हैं।
‘महिलाओं को क्या पहनना चाहिए, यह बताना कब बंद करेंगे?’
कृति सेनन ने अपने पोस्ट में महिलाओं के पहनावे को लेकर होने वाली टिप्पणियों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को यह बताना आखिर कब बंद किया जाएगा कि उन्हें क्या पहनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समय के साथ पारंपरिक फैशन में भी काफी बदलाव आया है, लेकिन आज भी किसी महिला के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को उसके कपड़ों से मापा जाता है। कृति ने स्पष्ट किया कि संस्कृति और परंपराएं महिला के दिल में होती हैं, उसकी नेकलाइन में नहीं।
ऐसे शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, पूरा विवाद रक्षाबंधन के एक विज्ञापन से शुरू हुआ। ज्वेलरी ब्रांड के इस विज्ञापन में कृति सेनन ऑफ-व्हाइट रंग का इंडो-वेस्टर्न पहनावा पहने नजर आई थीं। इसमें ब्रालेट शैली का ब्लाउज, ड्रेप्ड स्कर्ट और केप शामिल था। विज्ञापन सामने आने के बाद कुछ सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने उनके पहनावे को त्योहार के लिहाज से सही नहीं बताया।
मामला तब और चर्चा में आया, जब अभिनेत्री कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने कृति सेनन का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी को इसी विज्ञापन से जोड़कर देखा गया।
कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में महिलाओं के पास मौजूद अलग-अलग तरह के पहनावों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि इतने विकल्प होने के बावजूद कोई महिला अपने भाई को बिकिनी या अंतर्वस्त्र में राखी क्यों बांधेगी। उन्होंने विज्ञापन को जानबूझकर अजीब बनाए जाने जैसा भी बताया।
इस पूरे विवाद के बाद अब ज्वेलरी ब्रांड ने विज्ञापन को सभी मंचों से हटा दिया है।



