Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeउत्तराखंड न्यूज़पौड़ी गढ़वाल न्यूज़पौड़ी में चीनी की जमाखोरी...

पौड़ी में चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, 11 टीमों ने चलाया चेकिंग अभियान

पौड़ी गढ़वाल, 23 अगस्त। त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजार में चीनी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जमाखोरी व कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए पौड़ी प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर खाद्य एवं पूर्ति विभाग ने जनपदभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। विभाग की 11 टीमों ने विभिन्न बाजारों में एक साथ छापेमारी कर खाद्य दुकानों में चीनी के स्टॉक और उपलब्धता की जांच की।

11 बाजारों में दुकानों का औचक निरीक्षण

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा के नेतृत्व में गठित टीमों ने कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर, पाबौ, लैंसडाउन, सतपुली, लक्ष्मणझूला, चौबट्टाखाल, रिखणीखाल, दुगड्डा और उफरैंखाल बाजारों में दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध चीनी के स्टॉक की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही दुकानदारों को निर्धारित नियमों के अनुरूप कारोबार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं की जरूरत को ध्यान में रखते हुए चीनी का अनावश्यक भंडारण नहीं किया जाना चाहिए।

जमाखोरी और कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई

खाद्य एवं पूर्ति विभाग ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि चीनी की जमाखोरी, कालाबाजारी या अवैध बिक्री की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि आम उपभोक्ताओं को आवश्यक खाद्य सामग्री आसानी से उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार बाजारों की निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि चीनी की कृत्रिम कमी पैदा करने या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

बाजारों पर लगातार रहेगी निगरानी

अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद के विभिन्न बाजारों में नियमित निरीक्षण के साथ अचानक चेकिंग भी जारी रहेगी। किसी दुकान पर चीनी का अवैध भंडारण, जमाखोरी या कालाबाजारी मिलने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

प्रशासन के अभियान से बाजारों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने स्पष्ट किया कि आवश्यक खाद्य सामग्री की उपलब्धता और उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

Popular Articles