Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Homeएनसीआरदिल्लीदिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के...

दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ बारिश, कई इलाकों में जलभराव; सोमवार को भी बारिश का अनुमान

नई दिल्ली, 23 अगस्त। दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए रविवार की सुबह बारिश के साथ हुई। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद से लेकर गुरुग्राम तक कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बारिश के बाद राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में सुबह से ही बारिश का दौर जारी रहा।

दिल्ली में सोमवार को भी बारिश का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान भी सामान्य के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग ने दिल्ली में सोमवार को भी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। इससे राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश का दौर आगे भी जारी रहने की संभावना है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य

दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से बताया गया कि भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार एयरपोर्ट के आसपास खराब मौसम की स्थिति बन सकती है। हालांकि, फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य है।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि उड़ानों से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए वे अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क करते रहें। एयरपोर्ट की ओर से कहा गया कि यात्रियों की यात्रा सुगम बनाए रखने के लिए उसकी जमीनी टीमें सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम कर रही हैं।

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में भी रविवार को मौसम विभाग ने तेज बारिश का अलर्ट जारी किया। बनारस और प्रयागराज समेत 13 जिलों में बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना जताई है।

उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने मौसम तंत्र और बंगाल की खाड़ी में बन रहे नए दबाव के कारण मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है।

25 अगस्त तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 23 से 25 अगस्त के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत के बाकी हिस्सों में कुछ स्थानों पर या छिटपुट बारिश हो सकती है।

वहीं, 23 से 28 अगस्त के दौरान उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इसी अवधि में नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी काफी भारी बारिश होने की संभावना है। मानसून की सक्रियता को देखते हुए कई क्षेत्रों में मौसम विभाग की ओर से सतर्कता बरतने का संकेत दिया गया है।

Popular Articles