चंपावत, 22 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के एक सितंबर को टनकपुर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान के प्रस्तावित भ्रमण और विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संस्थान का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल, नवनिर्मित बालिका छात्रावास, नए सृजित संकायों और परिसर में चल रहे अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संस्थान प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संस्थान के निदेशक डॉ. एच.एल. मंडोरिया और प्रबंधन टीम से विकास कार्यों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप संस्थान के विस्तारीकरण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि संस्थान के विस्तार के लिए चार हेक्टेयर भूमि आवंटित की जा चुकी है। इसके साथ ही निर्माण और आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।
विद्यार्थियों से किया संवाद
निरीक्षण के अवसर पर जिलाधिकारी ने संस्थान में आयोजित ‘समाज के विकास में इंजीनियर की भूमिका’ विषयक कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने छात्रों को सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन बनाए रखने और निरंतर मेहनत करने की सलाह दी।
जिलाधिकारी ने नियमित अध्ययन, कक्षाओं में उपस्थिति, दोहराई और व्यावहारिक ज्ञान को सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ शारीरिक फिटनेस, पाठ्येतर गतिविधियों और व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने को कहा।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने पूछे करियर से जुड़े सवाल
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने करियर योजना, परीक्षा के तनाव, समय प्रबंधन और सफलता की रणनीति से जुड़े सवाल पूछे। जिलाधिकारी ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान विद्यार्थी भविष्य में समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसलिए उन्हें विद्यार्थी जीवन में उपलब्ध समय और अवसरों का अधिकतम उपयोग करना चाहिए।



